पटना। जनशक्ति जनता दल के नेता और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक पॉडकास्ट में राजनीति और मनोरंजन जगत से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 में 10 अंक दिए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज की सराहना की। वहीं जब उनसे पूछा गया कि वे लालू यादव के बेटे हैं, तो उन्होंने कहा, अब कहां, अब राजा का राजगद्दी चला गया।

आरजेडी और चुनाव पर बयान

तेज प्रताप से सवाल हुआ कि अगर उन्हें आरजेडी का चुनाव चिन्ह मिलता तो क्या वे चुनाव लड़ते? इस पर उन्होंने कहा, अगर आरजेडी से लड़ता भी तो खुद को हरवा देता। इस बयान को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

विपक्षी नेताओं पर निशाना

पॉडकास्ट में तेज प्रताप ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए उन्हें टोंटी चोर कह दिया। इसके अलावा भोजपुरी सिंगर पवन सिंह और खेसारी लाल को लेकर भी टिप्पणी की।

पवन सिंह और बिग बॉस पर प्रतिक्रिया

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे फिल्मों में काम करेंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अभिनय का कोई शौक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सलमान खान ने उन्हें कई बार बिग बॉस में आने का न्योता दिया, लेकिन चुनाव के कारण वे नहीं गए। पवन सिंह के शो में जाने पर उन्होंने कहा कि वे कलाकार हैं, इसलिए गए।