भागलपुर। जिले में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना कटिहार-बरौनी रेलखंड पर बलाहा रेलवे समपार फाटक के पास हुई। महिला का शव रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला, जबकि दूसरे मृतक का शव अप और डाउन लाइन के बीच बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

मृत महिला की पहचान खगड़िया जिले के भदास निवासी सुनील शाह की पत्नी रेणु देवी (40) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

माघी पूर्णिमा मेले में प्रसाद बेचने आई थी महिला

परिजनों के अनुसार, रेणु देवी माघी पूर्णिमा मेले के दौरान प्रसाद बेचने आई थीं। उनके भाई रविंद्र कुमार शाह ने बताया कि हादसे की जानकारी उन्हें भांजे के फोन से मिली। मौके पर पहुंचने पर ट्रैक के आसपास प्रसाद बिखरा मिला। उन्होंने बताया कि बहनोई विकलांग हैं और भीख मांगकर गुजर-बसर करते हैं, जबकि रेणु देवी प्रसाद बेचकर परिवार चलाती थीं। परिवार में दो नाबालिग बेटे और एक विवाहित बेटी है।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेल फाटक बंद रहने के कारण अक्सर हादसे होते हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।