नीलेश भानपुरिया, झाबुआ। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने का जुनून युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। झाबुआ के खवासा स्थित मदर टेरेसा स्कूल के बच्चों का एक नहीं कई वीडियो सामने आए हैं, जिसने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जहां स्कूली छात्रों ने फेयरवेल के नाम पर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल दी। 

खवासा में स्कूल के फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन किया गया। छात्रों ने फेयरवेल पर गाड़ियों का लंबा काफिला निकाला। जिसमें डीजे और जेसीबी शामिल थे। इसके बाद रील भी बनाई गई, जो अब तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में छात्र चलती गाड़ियों के दरवाजों और खिड़कियों से बाहर लटके हुए नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, झाबुआ के खवासा में एक  निजी स्कूल में बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए फेयरवेल का आयोजन किया गया था। इस मौके को यादगार बनाने के लिए छात्र अपने घरों से स्कूल की तरफ निकले। यादें बनाने के चक्कर में छात्रों ने गाड़ियों का एक लंबा काफिला निकाला। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान ट्रैफिक नियमों का जमकर मजाक उड़ाया गया।

खिड़कियों से बाहर लटके छात्र

छात्रों ने काफिले की कई रील बनाईं, इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र चलती गाड़ियों और खिड़कियों से बाहर लटके हुए हैं। तेज रफ्तार कारों के बीच छात्र न केवल स्टंट कर रहे थे, बल्कि इस पूरे घटनाक्रम की बाकायदा रील भी बनाई जा रही थी।

ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां

वीडियो में दिख रहा है कि छात्रों ने सुरक्षा के किसी भी नियम का पालन नहीं किया। न किसी ने सीट बेल्ट लगाई थी और न ही कोई सुरक्षित तरीके से गाड़ी में बैठा था। बीच सड़क पर इस तरह के हुड़दंग से आम राहगीरों को भी काफी परेशानी हुई और बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी रही। केवल दिखावे और रील बनाने के चक्कर में छात्र अपनी जान से खिलवाड़ करते हुए नजर आए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m