मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास ‘शेट्टी टावर’ पर रविवार तड़के हुई फायरिंग ने फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है. रविवार रात करीब 12:45 बजे दो बाइक सवार हमलावरों ने उनके घर के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाईं. चौंकाने वाली बात यह है कि हमले के वक्त रोहित शेट्टी खुद घर के अंदर ही मौजूद थे. गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी: “अगली बार गोलियां सीधे बेडरूम में होंगी”
फायरिंग के कुछ ही घंटों बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली. शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई के नाम से वायरल पोस्ट में लिखा गया:
“राम-राम, आज जो रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं. हमने उसे कई बार समझाया कि हमारे काम में दखल न दे, लेकिन वह समझा नहीं. यह तो सिर्फ ट्रेलर था. अगली बार गोलियां घर के बाहर नहीं, सीधे बेडरूम में छाती के पार होंगी.”
राजस्थान से जुड़े हमले के तार, शूटरों की तलाश
इस हाई-प्रोफाइल हमले का सीधा ‘राजस्थान कनेक्शन’ सामने आ रहा है. मुंबई क्राइम ब्रांच को संदेह है कि हमले में शामिल शूटर राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर या श्रीगंगानगर से जुड़े हो सकते हैं. लॉरेंस बिश्नोई खुद राजस्थान का है और जेल में होने के बावजूद उसका नेटवर्क प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बेहद मजबूत है.
- हरी बॉक्सर का नाम: हमले की जिम्मेदारी लेने वालों में हरी बॉक्सर का नाम भी शामिल है, जिसका सीधा संबंध राजस्थान-हरियाणा सीमा के अपराध जगत से है.
- अलर्ट पर राजस्थान पुलिस: घटना के बाद राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और STF अलर्ट मोड पर आ गई हैं.
क्या है ‘काम में दखल’ का रहस्य?
गैंग द्वारा दी गई धमकी में ‘काम में दखल’ देने की बात ने सुरक्षा एजेंसियों को उलझा दिया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह मामला किसी फिल्म की स्क्रिप्ट से जुड़ा है, या फिर यह पूरी तरह से ‘प्रोटेक्शन मनी’ और जबरन वसूली का मामला है. सलमान खान और बाबा सिद्दीकी के बाद अब रोहित शेट्टी को निशाना बनाना बॉलीवुड में बिश्नोई गैंग के बढ़ते वर्चस्व की कोशिश माना जा रहा है.
जांच में जुटी मुंबई क्राइम ब्रांच
मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें गठित की हैं. सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और खबरों के मुताबिक पुणे से एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया गया है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या लॉरेंस गैंग ने राजस्थान के स्लीपर सेल का इस्तेमाल कर इस वारदात को अंजाम दिया है.

- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


