Weather Today in Rajasthan: राजस्थान में रविवार को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का खेल बिगाड़ दिया। सुबह अजमेर और कोटपूतली-बहरोड़ में हल्की बारिश हुई, जबकि दोपहर बाद कोटा और चित्तौड़गढ़ में ओलावृष्टि दर्ज की गई। इससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

कई इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा, बस्सी, निम्बाहेड़ा, कपासन और बेगूं सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। कुछ जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे इलाके सफेद चादर से ढक गए। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए राज्य के 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
अलवर रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर में बीते 24 घंटों में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगले 24 घंटे तक मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बने रहने का अनुमान है। तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अलवर में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अजमेर में 13.3, भीलवाड़ा में 13.8, अलवर में 7.2, जयपुर में 14.0, पिलानी में 11.5, सीकर में 12.2, कोटा में 15.4, चित्तौड़गढ़ में 14.6, बाड़मेर में 12.7, जैसलमेर में 11.6, जोधपुर में 14.3, माउंट आबू में 11.2, बीकानेर में 10.6, चूरू में 11.3, श्रीगंगानगर में 9.7, अंता-बारां में 13.6, डूंगरपुर में 11.9, जालौर में 13.9, सिरोही में 10.7, फतेहपुर-सीकर में 11.9, करौली में 12.0, दौसा में 12.6 और झुंझुनूं में 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
5 जिलों में येलो अलर्ट
ताजा अपडेट के अनुसार अगले तीन घंटे में सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़ और बारां जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आगे भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 2 फरवरी को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से 3 और 4 फरवरी को पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दूसरे सप्ताह तक प्रदेश में सर्दी का असर बना रहेगा। 3 फरवरी के आसपास सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ से कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और हवा में नमी बढ़ सकती है। इसके बाद 6-7 फरवरी, 9-10 फरवरी और 11-15 फरवरी के बीच भी अलग-अलग चरणों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के आसार हैं।
पढ़ें ये खबरें
- BIG BREAKING : फर्जी दस्तावेजों से हुई शिक्षकों की होगी छुट्टी, 6 महीने में रद्द होगी नियुक्ति, वेतन भी करना होगा वापस, HC का आदेश
- आज से शुरू हो रहे बिहार विधानमंडल बजट सत्र में शामिल नहीं हो पाएंगे तेजस्वी यादव! सामने आई ये बड़ी वजह
- स्क्रैप माफिया रवि काना पर कसेगा शिकंजा, नोएडा पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया की शुरू
- CG News : अवैध रेत खनन रोकने गए नायब तहसीलदार को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
- Rajasthan News: पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना का निधन, कैंसर से लंबी जंग के बाद अलवर निवास पर ली अंतिम सांस

