Korba-Raigarh News Update : कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत सीपेट के समीप एक तेज रफ्तार वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

Bilaspur News Update

उल्लेखनीय है कि सीपेट के पास सड़क पर एक बाइक सवार खून से लथपथ पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना 112 और दर्री पुलिस को दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने पाया कि बाइक क्षतिग्रस्त थी और सवार की मौत हो चुकी थी। शव को जिला मेडिकल कॉलेज के शव कक्ष में रखवाया गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय दीपेंद्र पटेल के रूप में हुई, जो कटघोरा के बरपाली गांव का निवासी था। पुलिस ने उसके परिजनों को फोन पर घटना की सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, दीपेंद्र पटेल शनिवार की रात करीब 10 बजे अपने घर बरपाली से दर्री स्थित सीएसईबी में ड्यूटी के लिए निकला था। सीपेड के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दीपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। उसके चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने बताया कि, दीपेंद्र सीएसईबी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था। घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

बदमाशों पर पुलिस की सख्ती, 65 लोगों पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करने वाले एवं बेवजह झुंड में घूमने-बैठने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कुल 45 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत 12 प्रकरणों में कुल 20 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस प्रकार कुल 65 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के दायरे में लाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार और सघन रूप से जारी रहेगी।

भाजपा कार्यालय अटल स्मृति भवन का सीएम करेंगे भूमिपूजन…

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी का नवीन जिला कार्यालय अटल स्मृति भवन का भूमिपूजन 2 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाएगा। यह भवन लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर पुलिस लाइन के सामने रिसदी रोड पर बनाया जाएगा, जिसकी लागत लगभग 3 करोड़ रुपये है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

पति की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पत्नी पर लगाया आरोप

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र निवासरत 32 वर्षीय दिलेश्वर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके परिजनों ने दिलेश्वर की पत्नी राजकुमारी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि दिलेश्वर और 30 वर्षीय राजकुमारी की शादी 12 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे, एक 12 साल का बेटा और एक 10 साल की बेटी है। पिछले डेढ़ साल से पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के कारण दिलेश्वर एक महीने पहले अपने गृहग्राम नवागढ़ थाना क्षेत्र के हीरागढ़ चला गया था। शुक्रवार को दिलेश्वर अपनी पत्नी और बच्चों को घर वापस लाने के लिए रजगामार पहुंचा। उसने राजकुमारी को बताया था कि वह उसे और बच्चों को लेकर हीरागढ़ वापस जाएगा और वहां मेला देखेंगे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिलेश्वर की पत्नी राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि, उसके पति ने फोन पर बताया था कि वह कुमुण्डा में किसी के साथ खा-पीकर घर आ रहा है। घर पहुंचने पर वह केले लेकर आया था और शराब के नशे में था। केला खाने के बाद दिलेश्वर की तबीयत खराब होने लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। राजकुमारी ने यह भी बताया कि दिलेश्वर शराब छोड़ने के लिए देशी दवाइयों का भी सेवन कर रहा था। इस मामले में रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खुंटे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक पत्नी और उसके भाई के बयान दर्ज किए हैं। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बाथरुम में ऑनलाइन सट्टे का जला दिया सबूत

रायगढ़। जुटमिल, चक्रधरनगर एवं साइबर पुलिस की टीम ने छापेमारी करते हुए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चक्रधरनगर व साइबर थाना की टीम ने पक्की खोली सिंधी कॉलोनी में दबिश देकर सुरेश माखिजा और उसके बेटे गिरीश माखिजा को पकड़ा।

दबिश के दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला, काफी प्रयास के बाद पुलिस भीतर पहुंची तो सुरेश माखिजा मौजूद मिला। पूछताछ में उसने सट्टा जुआ चलाना स्वीकार किया। इसी बीच बाथरूम से जलने की बदबू आने पर दरवाजा खुलवाया गया, जहां उसका बेटा गिरीश माखिजा मिला जो साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से कुछ सामग्री जला कर फ्लश कर चुका था। मौके पर पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपने घर से ही मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा खेलने वालों से अंकों का विवरण लेते थे, दांव की राशि यूपीआई के जरिए अपने बैंक खातों में मंगवाते थे और जीत की रकम ऑनलाइन ही वापस करते थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो 5जी मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनके व्हाट्सएप चैट और फोटो गैलरी में विभिन्न अंकों पर रुपए के दांव से संबंधित सट्टा पट्टी के प्रमाण पाए गए। सुरेश माखिजा 65 एवं गिरीश माखिजा 34 वर्ष दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 22 पक्की खोली सिंधी कॉलोनी थाना चक्रधरनगर के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 (क) 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 31 जनवरी 2026 की रात विधिवत गिरफ्तारी की गई है। ट्रांजेक्शन डिटेल निकाले जा रहे हैं मामले में आगे जांच जारी है।

पेट्रोल पंप कर्मियों से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। कुरमापाली पेट्रोल पंप पर अन्य साथियों के साथ लौटकर तीनों पेट्रोल कर्मियों से मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर गैर जमानतीय धाराओं में रिमांड पर भेज दिया है। घटना की रिपोर्ट खगपति पटेल पिता दुखुराम पटेल 53 निवासी ठाकुरपाली द्वारा थाना कोतरारोड़ में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि 01 फरवरी को सुबह करीब 7 बजे वे पेट्रोल पंप पर मौजूद थे, उनके साथ रात्रि शिफ्ट कर्मचारी कमलेश पटेल एवं मनीष कुमार पटेल भी थे। इसी दौरान दो युवक शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे, मना करने पर गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों द्वारा बीच, बचाव करने पर दोनों युवक मोटरसाइकिल से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद दो अन्य साथियों के साथ लौटकर तीनों कर्मचारियों पर फिर हमला कर दिया। कोतरारोड़ पुलिसे धारा 296, 351(3) * 115(2) * 117(2) * 119(2) 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आहत खगपति पटेल, कमलेश पटेल एवं मनीष कुमार का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बघेल पिता स्व. जगतराम बघेल, कौशल बघेल पिता गुलाल बघेल को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।