Bihar Budget Session 2026: बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है। सत्र के दौरान बिहार सरकार में पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार को केंद्र सरकार की जमीन पर नजर नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आर ब्लॉक के पास केंद्र सरकार की जमीन पर 500 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय स्टेशन का निर्माण हो रहा है, इसलिए केंद्र को अपने कार्य निर्बाध रूप से करने देना चाहिए। मंत्री ने सदन में यह भी दावा किया कि अगली बार जब वे विधानसभा आएंगे तो 1000 से अधिक उद्योगों के नाम गिनवाएंगे, अन्यथा सदन में प्रवेश नहीं करेंगे।

राजद एमएलसी और मंगल पांडे के बीच तीखी बहस

सत्र के दौरान राजद एमएलसी सुनील सिंह ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, अगर यहां के मुख्य सचेतक अपनी आंख का ऑपरेशन कराने के लिए दिल्ली जाते हैं, तो इसकी वजह यह है कि उन्हें डर है कि अगर वे यहां इलाज कराएं तो स्थानीय डॉक्टर उनकी आंख खराब कर सकते हैं।

राजद एमएलसी के सवालों का जवाब देते हुए मंगल पांडे ने कहा कि, 15 साल तक राजद की सरकार रही, लेकिन उस दौरान मेडिकल कॉलेज क्यों नहीं खुलवाए गए? उन्होंने आरोप लगाया कि राजद कभी नहीं चाहती थी कि मेडिकल कॉलेजों में बच्चे पढ़ें।

नीरज कुमार ने अपनी ही सरकार पर उठाया सवाल

सत्र के दौरान जदयू MLC नीरज कुमार ने अपनी ही सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठाया। नीरज कुमार ने कहा कि, पटना के गार्डिनर रोड अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा पिछले एक साल से बंद है, लेकिन इस गंभीर समस्या पर सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया लगातार जारी रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि गार्डिनरअस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बंद रहना “काफी दुर्भाग्यपूर्ण विषय” है और इसके समाधान के लिए विभाग तुरंत कदम उठाएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Budget 2026: सत्र के दौरान NEET छात्रा मौत को लेकर विपक्षी सदस्यों का हंगामा, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग