हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर हाईकोर्ट बार के 66 साल के इतिहास में पहली बार इतनी कम उम्र में किसी अधिवक्ता को अध्यक्ष चुना गया है। 42 साल के मनीष यादव ने अध्यक्ष पद का पदभार संभाल लिया है। हाईकोर्ट बार इंदौर की पहली कार्यकारिणी का गठन साल 1960 में हुआ था। तब से अब तक के इतिहास में यादव सबसे युवा अध्यक्ष बने हैं, जिसे लेकर अधिवक्ताओं में खास उत्साह देखा गया।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारी
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रशासनिक न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान बार के कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी मौजूद रहे। नई टीम में उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत, सचिव मनीष गडकर, सहसचिव अमित राज चुने गए हैं। कार्यकारिणी सदस्यों में राहुल पांचाल, तेजस जैन, अमन मालवीय, रश्मेंद्र सूर्यवंशी और अनिक जैन शामिल हैं।
अधिवक्ताओं के हित में काम पहली प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि बार के अधिवक्ताओं के हित उनकी पहली प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वकीलों की लंबित समस्याओं को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए तेजी से प्रयास किए जाएंगे। नई कार्यकारिणी से युवा नेतृत्व की उम्मीदें भी जुड़ गई हैं, खासकर डिजिटल सुविधाओं, लाइब्रेरी संसाधनों और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों को लेकर।


