अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। कोठी रोड पर गढ़िया टोला कब्रिस्तान के पास, लापरवाही के चलते सड़क पर बिछाए गए लोहे के तार ने एक युवक की जान ले ली। बाइक सवार युवक का गला तार में फंसने से कट गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठे दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। एक निर्माण कार्य के दौरान, ठेकेदार का कर्मचारी ट्रैक्टर की मदद से एक भारी-भरकम कंक्रीट मिक्सर मशीन को लोहे के तार से बांधकर सड़क की दूसरी ओर खींच रहा था। रात के अंधेरे में सड़क के आर-पार तना हुआ यह तार बाइक सवारों को दिखाई नहीं दिया। तभी सिविल लाइन की ओर से आ रहे बाइक सवार तीनों युवक इस तार की चपेट में आ गए।

ये भी पढ़ें: यूट्यूबर लीला साहू की पुरानी मांग हुई पूरी: सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी का माहौल, इन्फ्लूएंसर ने प्रदेश के मुखिया, सांसद और मीडिया का किया धन्यवाद

दो घायल

बाइक चला रहे रामजस (45) की गर्दन सीधे तार में फंस गई, जिससे उनका गला कट गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ बैठे अरविंद (38) और रामप्रसाद (40) सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक रामजस और दोनों घायल आपस में मौसेरे भाई बताए जा रहे हैं। वे सतना के पास बगहा में अपनी एक मौसेरी बहन की ससुराल में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रामजस मूल रूप से कंचनपुर-अमरपाटन का निवासी था और सतना से अपने भाइयों को साथ लेकर बगहा के लिए निकला था।

ये भी पढ़ें: खेल-खेल में हो गया कांड: एक ही परिवार के 10 लोग बीमार, अस्पताल में इलाज जारी

ठेकेदार-कर्मचारियों पर मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवा दिया है और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में लापरवाही बरतने पर ट्रैक्टर और मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया है और ठेकेदार व संबंधित कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर रात के समय सड़कों पर होने वाले निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m