नालंदा। जिले के रहुई थाना क्षेत्र के हुडरहिया गांव में मंगलवार को आपसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रहुई थाना प्रभारी ललित विजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी रमेश कुमार और अनीष कुमार के बीच रास्ते में खड़े होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि अनीष कुमार को रास्ते से हटने के लिए कहने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी।

मारपीट के बाद की गई फायरिंग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद ने उग्र रूप ले लिया और अनीष कुमार ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की। इसी दौरान फायरिंग भी की गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-2 संजय जयसवाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है।

आरोपी की तलाश में छापेमारी

फायरिंग के बाद आरोपी अनीष कुमार मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।