अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। नगर निगम क्षेत्र के फजलगंज स्थित रेलवे ट्रैक के पास आठ वर्षीय दिव्यांशु कुमार का शव मिलने के छह दिन बाद भी पुलिस घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी है, लेकिन अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस हत्या और हादसे दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार दोपहर एफएसएल टीम, सदर एसडीपीओ वन दिलीप कुमार तथा नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल से लेकर मृतक के घर और आसपास के क्षेत्रों में विस्तृत जांच की। एफएसएल टीम ने मौके से कई नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल अधिकारी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं।

लापता होने के बाद मिली थी शव की सूचना

जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु बुधवार दोपहर करीब दो बजे घर से खेलने निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन के बाद पुलिस से संपर्क किया। आरोप है कि रात में शिकायत दर्ज नहीं की गई और सुबह आने को कहा गया। इसी बीच रात करीब 12 बजे गया-डीडीयू रेलखंड पर फजलगंज के समीप उसका शव बरामद हुआ।

एक युवक हिरासत में

पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है।