पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम कुंभ मेले में एक जमीन कारोबारी द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का मामला सामने आया है। यहां आरोपी ने दुकानदार के साथ समुदाय विशेष को लेकर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं मामले में एक युवक की शिकायत पर राजिम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, नए मेला स्थल पर उद्घाटन से पहले एक खाद्य सामग्री बेचने वाले ने ठेला लगाया था। इसी दौरान रायपुर जिले के नवापारा निवासी जमीन कारोबारी अजय तिवारी मेला स्थल पर पहुंचा और ठेला संचालक से गाली-गलौज शुरू कर दिया। बीच-बचाव के बाद वह मौके से चला गया।
वायरल वीडियो में कारोबारी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, “ये समुदाय विशेष है, ये थूककर बेचते हैं।” इसके साथ ही वह दुकानदार से पहचान पत्र (आईडी) मांगते हुए आपत्तिजनक और जातिगत टिप्पणी करता नजर आ रहा है। वीडियो में एक वाहन भी दिखाई दे रहा है, जिस पर ‘सभापति नगर पंचायत राजिम’ लिखा है। यह वीडियो एक फरवरी का बताया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को क्या बताया ?
राजिम निवासी शुभम शर्मा ने शिकायत में बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करता है। एक फरवरी को वह दोस्तों के साथ राजिम मेला घूमने गया था। इस दौरान नवापारा का अजय तिवारी नशे की हालत में ठेला व्यापारी से गाली-गलौज कर रहा था और उससे आईडी मांग रहा था। यह उसे और उसके साथियों को सुनने में बुरा लगा, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
भाजपा नेता है गाली देने वाला शख्स – कांग्रेस
इस मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति भाजपा से जुड़ा नेता है। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ में ठेला लगाने वाले व्यापारियों से जबरन आईडी मांगी जा रही है और जातिगत टिप्पणी कर उन्हें धमकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्या सरकार ने व्यापार करने के लिए कोई आईडी कार्ड अनिवार्य किया है? कांग्रेस ने मांग की है कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। मेले में काम कर रहे व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फर्जी नेम बोर्ड लगाकर घूम रहा था आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी कारोबारी सभापति नगर पालिका राजिम का बोर्ड लिखी गाड़ी में पूरे मेले में घूमता रहा। गाड़ी कारोबारी की जरूर है, लेकिन वह किसी भी प्रकार का जनप्रतिनिधि नहीं है। आरोपी मूलतः रायपुर जिले के नवापारा का निवासी है, जिसका राजिम में भी बड़ा जमीन कारोबार चलता है। राजिम में रसूख जमाने के लिए आरोपी अपनी गाड़ी में फर्जी नेम बोर्ड लगाकर घूमते हुए देखा जा रहा था।

पुलिस का बयान
वहीं मामले में एडिशनल एसपी धीरेंद्र पटेल ने बताया कि मेला क्षेत्र में अजय तिवारी द्वारा गाली-गलौज करने की शिकायत मिली थी। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
देखिये वीडियो-
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


