राजधानी दिल्ली एक बार फिर दुनिया के सबसे बड़े वैश्विक जमावड़े की मेजबानी के लिए तैयार है। 16 फरवरी से भारत मंडपम में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, गूगल CEO सुंदर पिचाई और दुनिया भर के दिग्गज CEOs, टेक लीडर्स व पॉलिसी मेकर्स शामिल होंगे। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट को लेकर दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। हालांकि, दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि इस बार G20 समिट जैसी सख्त पाबंदियां और बड़े पैमाने पर ट्रैफिक प्रतिबंध नहीं लगाए जाएंगे।

स्कूल-कॉलेज और दफ्तर खुले रहेंगे, नो लॉकडाउन!

अक्सर VVIP मूवमेंट के दौरान दिल्ली की रफ्तार थम सी जाती है, लेकिन इस बार दिल्ली पुलिस ने बिल्कुल अलग रणनीति तैयार की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, G20 समिट जैसी कड़ी पाबंदियां इस बार नहीं लगाई जाएंगी। अधिकारियों ने साफ किया है कि सभी स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे और शहर की रोजमर्रा की गतिविधियों पर कोई व्यापक रोक नहीं होगी। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि आम जनता को, खासकर स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।

इसके लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट को स्पॉट-बेस्ड और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के जरिए लागू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर केवल सीमित इलाकों में ही अस्थायी डायवर्जन किया जाएगा, ताकि VVIP मूवमेंट के बावजूद दिल्ली की रफ्तार बनी रहे।

4000 पुलिसकर्मी और 10 जोन का सुरक्षा चक्र

इवेंट की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 4,000 से ज्यादा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस हाई-प्रोफाइल व्यवस्था की निगरानी के लिए 10 डीसीपी स्तर के अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस ने पूरे इलाके को 10 जोन और 22 सेक्टर में विभाजित किया है। इस सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान में भारत मंडपम (इवेंट वेन्यू) के साथ-साथ 5-स्टार होटल और एयरपोर्ट से जुड़े प्रमुख रूट्स भी शामिल किए गए हैं, ताकि VVIP मूवमेंट और आम ट्रैफिक के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।

बिल गेट्स, सुंदर पिचाई और 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे शामिल

यह समिट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर होने वाली दुनिया की सबसे बड़ी बैठकों में से एक मानी जा रही है। इसमें माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स, गूगल के CEO सुंदर पिचाई, एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग, रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी और इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि सहित 100 से अधिक वैश्विक CEO और टेक लीडर्स शिरकत करेंगे।

अब तक 15 देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 फरवरी को समिट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे, जबकि 18 फरवरी को विदेशी मेहमानों के सम्मान में गाला डिनर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत को ग्लोबल AI लीडर के तौर पर स्थापित करने की दिशा में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।

इन रास्तों पर रहेगा VVIP मूवमेंट

विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए ताज पैलेस, आईटीसी मौर्य, द ओबेरॉय और ली मेरिडियन जैसे प्रमुख होटल बुक किए गए हैं। इस कारण सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, तीन मूर्ति मार्ग, पृथ्वीराज रोड और इंडिया गेट सर्कल पर VVIP मूवमेंट रहेगा। सुरक्षा और ट्रैफिक को सुनिश्चित करने के लिए, हर विदेशी डेलीगेट की गाड़ी के आगे एक एसीपी रैंक का अधिकारी पायलट के तौर पर रहेगा, ताकि रास्ता साफ और सुरक्षित रहे। इसके साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन और मूवमेंट का समन्वय भी इस टीम द्वारा किया जाएगा।

भारत मंडपम फिर बनेगा गवाह

G20 समिट के बाद भारत मंडपम एक बार फिर देश की बढ़ती वैश्विक ताकत का गवाह बनने जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने भारत मंडपम और उसके आसपास के इलाके को ‘जोन 1’ और ‘जोन 2’ में विभाजित किया है। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस AI इम्पैक्ट समिट का मुख्य उद्देश्य भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक ग्लोबल लीडर के रूप में स्थापित करना है। समिट में वैश्विक CEOs, टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स और 15 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे, जिससे भारत की टेक्नोलॉजी और नवाचार क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m