पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 2026 तक होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है। हालांकि इस कैलेंडर में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का उल्लेख नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई है। उनका आरोप है कि सरकार जानबूझकर TRE-4 की प्रक्रिया टाल रही है। इसी मुद्दे को लेकर 16 फरवरी को पटना में बड़ा छात्र आंदोलन करने की घोषणा की गई है।
16 फरवरी को विधानसभा मार्च
छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में यह आंदोलन पटना कॉलेज से शुरू होकर बिहार विधानसभा तक जाएगा। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। आंदोलन से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया। उन्होंने चुनावी वादों को याद दिलाते हुए पोस्टर भी जारी किए।
पोस्टरों में वादों का जिक्र
एक पोस्टर में जदयू के उस सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया गया, जिसमें एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति और TRE-4 जल्द शुरू करने की बात कही गई थी। महिला अभ्यर्थियों को आरक्षण देने का वादा भी शामिल था। दूसरे पोस्टर में एनडीए सरकार द्वारा 1.6 लाख शिक्षकों की भर्ती और 35 प्रतिशत महिला आरक्षण का जिक्र किया गया।
कैलेंडर में अन्य भर्तियां शामिल
सोमवार को जारी कैलेंडर में 70वीं, 71वीं और 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, न्यायिक सेवा, APO समेत 50 से अधिक भर्तियों की संभावित तिथियां दी गई हैं। विशेष शिक्षक और सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी जैसे पद शामिल हैं, लेकिन TRE-4 का नाम नहीं है।
9 फरवरी को भी आंदोलन की घोषणा
आल बिहार स्टूडेंट यूनियन की नेता खुशबू पाठक ने 9 फरवरी को भी आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि दो साल से अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार ठोस कदम नहीं उठा रही।
सरकार का पक्ष
शिक्षा मंत्री के अनुसार, दो वर्षों में 2.70 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। रोस्टर क्लीयरेंस में देरी के कारण TRE-4 अटका है। उन्होंने बताया कि करीब 25 हजार पदों पर भर्ती की संभावना है और प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


