Rajasthan News: साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का रहस्य अब तक नहीं सुलझ पाया है। न पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो सकी है और न ही पुलिस जांच किसी ठोस नतीजे पर पहुंची है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, नए तथ्य सामने आ रहे हैं। मौत के समय दिए गए इंजेक्शन, वायरल वीडियो और कथित तौर पर गायब सीसीटीवी कैमरों को लेकर हर एंगल से पड़ताल की जा रही है, लेकिन मामला सुलझने के बजाए उलझता जा रहा है।

मामले में साध्वी के पिता वीरमनाथ, कंपाउंडर देवी सिंह और एफआईआर में दर्ज तथ्यों के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। मोर्चरी में दिए बयान में वीरमनाथ ने कहा था कि इंजेक्शन लगने के महज पांच मिनट के भीतर साध्वी की मौत हो गई। वहीं एफआईआर में दर्ज है कि इंजेक्शन के करीब नौ मिनट बाद तबीयत बिगड़ी और फिर मौत हुई। मीडिया से बातचीत में भी पिता ने पांच मिनट के भीतर मौत की बात दोहराई।
इंजेक्शन देने वाले कंपाउंडर देवी सिंह का बयान इन दावों से मेल नहीं खाता। उसके अनुसार, वह आश्रम से निकल चुका था और करीब 20 से 25 मिनट बाद उसे फोन आया कि साध्वी की हालत गंभीर हो गई है। कंपाउंडर ने यह भी स्वीकार किया कि उसने केवल डेक्सोना और डायनापार के दो इंजेक्शन लगाए थे, इसके अलावा कोई अन्य दवा नहीं दी गई।
आश्रम के पास रहने वाले रुद्र प्रताप सिंह राजपुरोहित ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि साध्वी के पिता ने शुरू में पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल से सीसीटीवी कैमरे हटाए गए, जबकि घर के बाहर कैमरे लगे होने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं।
मौत के समय को लेकर लगातार बदलते बयानों ने जांच एजेंसियों की परेशानी बढ़ा दी है। कभी कुछ सेकंड में मौत की बात कही गई, तो कभी कुछ मिनटों का जिक्र किया गया। इन्हीं विरोधाभासों के चलते मामला और पेचीदा होता जा रहा है।
मंगलवार को प्रेक्षा अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण कुमार जैन पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में उन्होंने साध्वी प्रेम बाईसा का कोई चेकअप नहीं किया था और न ही किसी तरह की दवा की पर्ची लिखी थी। डॉक्टर के अनुसार, घटना वाले दिन साध्वी को अस्पताल में कोलैप्स अवस्था में लाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से किसी प्रकार का इंजेक्शन या दवा सुझाई नहीं गई थी। बता दें कि मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम अब तक 10 से 11 लोगों से पूछताछ कर चुकी हैं।
पढ़ें ये खबरें
- Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, जैसलमेर में झमाझम बारिश से 8 डिग्री गिरा पारा, इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
- अमित शाह राज्यसभा में आज पेश करेंगे ‘CAPF’ से संबंधित विधेयक, भर्ती-सेवा नियमों में होगा बदलाव
- Chaitra Navratri 2026: देवास का चामुंडा माता मंदिर, मां सती के गिरे थे रक्त बीज, उज्जैन के राजा ने की थी तपस्या
- CG Weather Update: प्रदेश में शुष्क हुआ मौसम, अधिकांश हिस्सों में सामान्य से नीचे दर्ज किया गया तापमान, आने वाले दिनों में चढ़ेगा पारा
- 23 March 2026 Panchang : चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि आज, जानिए शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय
