चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है. बीते कुछ सालों से चाइनीज मांझे की वजह से लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही है. यहां तक कि कई मामलों में लोगों की जान तक चली जा रही है. ऐसे में अब चाइनीज मांझे के संबंध में सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. योगी सरकार ने अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को हादसा ना मानते हुए हत्या मानने की बात कही है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत अब हादसा नहीं, हत्या मानी जाएगी. सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और स्टॉक पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए. उन्होंने पुलिस को छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने सवाल किया कि प्रतिबंध के बावजूद यह जानलेवा मांझा बाजारों में उपलब्ध कैसे हो रहा है.

इसे भी पढ़ें : ये क्या बात हुई? राशन कार्ड में नाम जोड़ने की मांग पर कर्मचारी का गैर जिम्मेदाराना बयान, कहा- लक्ष्य पूरा हो चुका है, दूसरी ओर पैसे लेकर हो रहा खेल

बता दें कि बीते जनवरी महीने में ही जौनपुर में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर एक डॉक्टर की दर्दनाक मौत हुई थी. यह हादसा लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया गांव के पास प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के सामने हुआ था. मृतक की पहचान केराकत कोतवाली क्षेत्र निवासी डॉ. मोहम्मद शमीर के रूप में हुई थी, जो फिजियो थेरेपी और निजी प्रैक्टिस करते थे. डॉ. शमीर बाइक से जौनपुर मुख्यालय किसी डॉक्टर से मिलने आए थे. वापस लौटते समय प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के पास अचानक सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए, जिससे उनकी गर्दन बुरी तरह कट गई थी.