कमल वर्मा, ग्वालियर। ग्वालियर के डीबी मॉल पर चल रही NSG मॉकड्रिल के दौरान वाहन रोक रहे पुलिस जवान को नशे में धुत कार चालक 40 मीटर घसीटता ले गया। इस दौरान कई बार पुलिस जवान गाड़ी से गिरते-गिरते बचा। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टैण्ड के पास की है। पुलिस जवान को कार चालकों द्वारा घसीटकर ले जाते देख अन्य पुलिसकर्मियों ने पीछा कर घेराबंदी की। डायल 112 ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वाहन चालकों ने उसमें भी टक्कर मार दी। करीब सात किलोमीटर से ज्यादा पीछा किया और निरावली रोड से कार सवारों को पकड़ लिया। कार सवार नशे में थे। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

दरअसल, ग्वालियर के यातायात थाना गोला का मंदिर में पदस्थ रवि कुमार विमल डीएसपी यातायात के चालक है। देर रात पुलिस NSG कमांडो के साथ पड़ाव स्थित डीबी मॉल में मॉकड्रिल कर रही थी। इस दौरान रवि कुमार विमल व आरक्षक दिगम्बर शर्मा और देवेन्द्र कुमार के साथ ड्यूटी कर रहा था। तभी तेज रफ्तार आ रही होंडा अमेजन कार क्रमांक MP07CJ1124 का चालक तेज रफ्तार आता दिखा। जिसे रोकने के लिए रवि ने स्टापर लगया और कार चालक से वाहन रोकने को कहा।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में काउंटर टेररिस्ट एक्सरसाइज! 4 दिन रहेंगे NSG के 135 कमांडो, अलग-अलग जगह कर सकते है मॉकड्रिल

40 मीटर तक बोनट पर लटकाकर घसीटा

कार चालक ने अपना वाहन न रोकते हुए उसे टक्कर मारी दी और कार सवार उसके साथियों ने उसे बोनट पर पटक दिया। इसके बाद करीब 40 मीटर बोनट पर लटकाकर घसीटते ले गए। इस दौरान कई बार कार की रफ्तार तेज होने के चलते जवान गिरने से और जान जाने से बचा। इसके बाद जब अन्य स्टाफ ने पीछा किया तो कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे वह गिरकर घायल हो गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और कार की घेराबंदी शुरू कर दी, तो कार चालक ने अपनी कार को अंधाधुंध भगाना शुरू कर दिया। इस बीच गोला का मंदिर इलाके में पुलिस की एफआरवी 29 ने कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार कट मारकर भाग निकले।

नशे में धुत थे कार सवार

इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर निरावली रोड पर एफआरवी 29 ने ओवर टेककर कार को रोकने का प्रयास किया। एक बार फिर एफआरवी में टक्कर मार दी। लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया, जब कार सवारों को बाहर निकाला तो पता चला कि वह नशे में धुत है। पुलिस टीम ने उनका मेडिकल कराया और पड़ाव थाने ले गए। पूछताछ में कार सवारों ने अपना नाम अंकित गुर्जर निवासी कल्याणपुरा राऊ भिंड, मुनेंद्र भदौरिया निवासी गोरमी भिंड और शोहिल खान निवासी मेहगांव भिंड का होना बताया है। वहीं पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही कार को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m