दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी से लापता लड़कियों की खबरों को अफवाह बताया और कहा कि इन खबरों को पैसे देकर प्रचारित किया जा रहा है। पुलिस ने एक्स पर बताया कि जांच में उसे पता चला है कि लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी को कुछ लोग पैसे देकर प्रचारित कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा औऱ ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर लिखा, ‘कुछ सुरागों का पीछा करने के बाद, हमने पाया कि दिल्ली में लापता लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर जो हंगामा हो रहा है, उसे पैसे देकर प्रमोट किया जा रहा है। पैसे के लालच में डर फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।’ इससे पहले पुलिस ने नागरिकों से अपील की थी कि वे लापता बच्चों के मामलों में अचानक वृद्धि की अफवाहों का शिकार न हों।

क्या है मामला?

दरअसल, पिछले दिनों मीडिया में एक रिपोर्ट सामने आई, जिसमें दिल्ली पुलिस के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया कि 1 जनवरी से 15 जनवरी, 2026 के बीच शहर में 807 लोग लापता हुए, यानी रोजाना औसतन 54 लोग लापता हुए। आंकड़ों में बताया गया कि लापता होने वालों में 509 महिलाएं-लड़कियां और 298 पुरुष थे। साथ ही, 191 नाबालिग थे, जबकि 616 वयस्क थे। पुलिस 1 से 27 जनवरी के बीच 235 लोगों का पता लगाया।

भाजपा ने फिल्म के प्रचार को बताया कारण

भाजपा के IT प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने इन खबरों के पीछे एक फिल्म के प्रचार को बताया है। सोशल मीडिया पर फिल्म का नाम ‘मर्दानी 3’ बताया जा रहा है। मालवीय ने एक्स पर लिखा, ‘यह दावा कि दिल्ली से इतने सारे बच्चे गायब हो गए हैं एक हिंदी फिल्म को प्रमोट करने के लिए पैसे से प्रचार के ज़रिए फैलाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ज़ाहिर है इस मामले की पूरी जांच करेगी।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m