Rajasthan News: नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत प्रतापगढ़ की अरनोद थाना पुलिस ने तस्करी के एक ऐसे शातिर तरीके को बेनकाब किया है, जिसने पुलिस महकमे को भी चौंका दिया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 35 लाख रुपये कीमत की 115 ग्राम ब्राउन शुगर और 116 ग्राम मिलावटी केमिकल पाउडर बरामद किया है। तस्कर इस नशे की खेप को अपनी चप्पलों के अंदर बेहद चालाकी से छिपाकर ले जा रहे थे।

अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल ने बताया कि पुलिस टीम नोंगावा रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
चप्पलों को काटा तो निकली मौत की पुड़िया
पकड़े गए आरोपियों की जब शुरुआती तलाशी ली गई तो कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। लेकिन जब पुलिस की नजर मोटरसाइकिल पर रखी चप्पलों पर पड़ी और उनकी गहनता से जांच की गई, तो असलियत सामने आई। थानाधिकारी ने बताया कि चप्पलों के सोल को काटकर देखा गया तो उसके भीतर प्लास्टिक की थैलियों में ब्राउन शुगर को बड़ी सफाई से फिट किया गया था।
केमिकल मिलाकर बढ़ाते थे मात्रा
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे मुनाफे के चक्कर में शुद्ध ब्राउन शुगर में भारी मात्रा में केमिकल पाउडर मिलाते थे ताकि उसकी मात्रा बढ़ाई जा सके। पहचान और पुलिस के संदेह से बचने के लिए उन्होंने चप्पलों को ही अपना गोदाम बना लिया था।
आरोपियों की पहचान और कार्रवाई
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजर खान (निवासी देवल्दी) और गजराज दर्जी (निवासी पडुनी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह खेप कहां से लाए थे और आगे किसे सप्लाई करने वाले थे।
पढ़ें ये खबरें
- मौज चक्कर में मिली मौतः गंगा नदी में नहाने गए 3 दोस्त डूबे, 1 की लाश बरामद, 2 लापता की तलाश जारी
- ईरान जंग में हुई पुतिन की एंट्री, इस्लामाबाद का फ्लॉप शो देखकर दिया मध्यस्था का ऑफर
- MI vs RCB IPL 2026: बेंगलुरु ने मुंबई को दिया 241 रन का लक्ष्य, साल्ट, पाटीदार और कोहली ने जड़े अर्धशतक
- गरीब की बेबसी: पोस्टमार्टम के बाद नहीं मिला शव वाहन, ठेले पर लादकर ले जाने को मजबूर हुए परिजन
- ACB की बड़ी कार्रवाई, कृषि विकास अधिकारी 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
