IND vs USA: आपने अक्सर सुना होगा कि ‘दाने-दाने पर लिखा है खाने वाले का नाम’… ये कहावत टी20 विश्व कप 2026 में भारत के पहले मैच में सच साबित हुई. इस मुकाबले में भारत के नाम वो ‘घातक हथियार’ लगा है, जो वर्ल्ड कप के आगाज से एक दिन पहले तक एक तरह से गायब था. पिछले 1 साल से टी20 टीम से बाहर था, लेकिन अचानक किस्मत ने पलटी मारी और उसकी भारतीय टीम में एंट्री हो गई.

पूरे 557 दिन बाद टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में मौका मिलते ही उसने मैदान पर उतरकर सबका दिल जीत लिया. अमेरिका के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में इस खिलाड़ी ने टीम इंडिया को मैच जिताने में जान झोंक दी. 3 विकेट लेकर जीत में अहम रोल अदा किया और ये बता दिया कि उसमें अभी भी दमखम है. अब सवाल ये है कि ये खिलाड़ी कौन है, जिसे कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव का ‘नया हथियार’ कहा जा रहा है? आइए जानते हैं…

आखिर कौन है ये नया हथियार?

यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है, वो हैं मोहम्मद सिराज. दाएं हाथ का ये गेंदबाज पूरे 557 दिन बाद भारत के लिए टी20 मैच खेलने उतरा. आखिरी दफा वो श्रीलंका दौरे पर 30 जुलाई 2024 को इस फॉर्मेट में भारत के लिए खेले थे. सिराज पिछले टी20 विश्व कप यानी 2024 का हिस्सा थे, जिसमें टीम इंडिया ने खिताब जीता था, लेकिन 2026 के लिए जब टीम का ऐलान किया गया, तो उन्हें जगह नहीं मिली. भारत ने तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट में जसप्रीत बुमराह के साथ हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को रखा, लेकिन किस्मत देखिए, टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से ठीक एक दिन पहले यानी 6 फरवरी को हर्षित राणा घुटने की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए और सिराज को बुलाया गया.

आते ही छा गए सिराज

सिराज को टीम इंडिया में जगह तो मिल गई, लेकिन प्लेइंग 11 में खेलना मुश्किल था, क्योंकि जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या तेज गेंदबाजी के विकल्प थे, लेकिन किस्मत को मंजूर ये था कि सिराज खेलेंगे. हुआ भी ऐसा. मैच से ठीक पहले बुमराह को वायरल फीवर हो गया, तो कप्तान सूर्या ने प्लेइंग 11 में सिराज के साथ उतरने का फैसला किया. सिराज इस भरोसे पर खरे उतरे. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट निकाले और टीम इंडिया की जीत में अहम रोल अदा किया. उन्होंने बुमराह की कमी नहीं खलने दी. सिराज के 3 विकेट क्यों अहम थे, नीचे जानते हैं…

सिराज ने जीत दिलाकर बचाई इज्जत

दरअसल, पहले मैच में अमेरिका ने भारत को कड़ी चुनौती दी. मैच से पहले कहा जा रहा था कि वानखेड़े की बैटिंग पिच पर 300 रन पार होंगे, लेकिन हुआ इसके उलट. पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया के 6 विकेट सिर्फ 77 रनों पर गिर गए थे. अमेरिकी बॉलर्स ने कमाल का प्रदर्शन किया. एक वक्त लग रहा था कि भारत मुश्किल से 130 रन पार करेगा, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जैसे-तैसे नाबाद रहते हुए टीम को 161 रनों तक पहुंचा दिया. अब बारी थी गेंदबाजों की, क्योंकि अमेरिका टीम यह टारगेट आसानी से चेज कर सकती थी. उसके पास बढ़िया बैटिंग है और मैच मुंबई के वानखेड़े मैदान पर हुआ, जहां दूसरी पारी में चेज करना आसान होता है. ऐसे में सिराज उस उम्मीद पर खरे उतरे, जो उनसे की जा रही थी.

सिराज ने बताया कि उनमें कितना दमखम है

161 रन डिफेंड करने उतरी टीम इंडिया के लिए मोहम्मद सिराज ने जादुई स्पेल डाला. उन्होंने पहले और दूसरे ओवर में विकेट निकाले और आखिरी ओवर में भी एक शिकार किया. वो भारत के लिए दूसरा ओवर लेकर आए थे. इस ओवर की दूसरी ही बॉल पर एंड्रीज गॉस ने उनके खिलाफ सामने की तरफ जोरदार छक्का लगा दिया. लेकिन इसके बाद सिराज ने दो गेंद बाद ही गॉस को आउट कर दिया. उन्होंने कवर पर खड़े तिलक वर्मा के हाथों उन्हें कैच आउट कराया.
फिर अपने स्पेल के दूसरे ओवर में सिराज ने आते ही अमेरिकी ओपनर सैतेजा मुक्कमल्ला को भी चलता कर दिया. सिराज की गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने कैच लिया.

पहले 6 ओवर में सिराज ने 3 ओवर डाले

सिराज की घातक गेंदबाजी देख भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पावरप्ले में ही उनके 3 ओवर पूरे कर दिए. उनकी घातक गेंदबाजी का नतीजा ही था कि अमेरिका टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली. वो 6 ओवरों में 2 विकेट खोकर सिर्फ 31 रन ही बना सकी. सिराज पारी का 20वां और स्पेल का आखिरी ओवर लेकर आए और आखिरी बॉल पर 37 रन बनाकर खेल रहे शुभम को भी चलता किया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H