Bilaspur News Update : बिलासपुर. एक और युवक को फर्जी ई ट्रैफिक चालान भेजकर 4 लाख 11 हजार 777 रुपए की आनलाइन ठगी कर ली गई है. पुलिस अपराध कायम कर जांच में जुट गई है. सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार, यदुनंदन नगर तिफरा निवासी मनीष कुमार सोनी ने रिपोर्ट लिखाई. 2 फरवरी 2026 की सुबह उनके मोबाइल में अनजान मोबाइल नम्बर से मैसेज आया, जिसमें लिखा था आप पर 2 हजार रुपए चालान किया गया है, आपने ट्रैफिक सिग्नल जंप किया है. मैसेज के साथ एपीके फाइल भेजी गई थी. मनीष सोनी ने जैसे ही फाइल को क्लिक किया वह एप उनके मोबाइल में इंस्टॉल हो गया. ऐप खोलने पर उसमें कुछ भी स्पष्ट नहीं दिखाई दिया. इसके बाद अगले दिन 3 फरवरी को शाम 4 बजे उनके पंजाब नेशनल बैंक लिंगियाडीह शाखा के खाते से अलग अलग 8 किश्तों में कुल 4 लाख 11 हजार 777 रुपए ट्रांसफर कर लिया गया है. रकम निकलने की जानकारी होते ही मनीष सोनी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 4 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है.

ऑटो चालक की सरेआम पिटाई

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में ऑटो चालक की सरेआम पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है. ऑटो चालक पर महिला ने बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया. वायरल वीडियो अटल आवास के पास का बताया जा रहा है. घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई. वहीं ऑटो चालक हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताता रहा है. फिलहाल घटना को लेकर थाने में कोई शिकायत नहीं की गई.

स्पा सेंटर की संचालिका मैनेजर पर मामला दर्ज

बिलासपुर. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सत्यम चौक स्थित स्पा सेंटर में कार्यरत एक महिला ने संचालिका और मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसे आइवरी स्पा सेंटर में मासिक वेतन पर काम पर रखा गया था. संचालिका पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमंग द्वारा उसकी इच्छा के विरुद्ध अवैध और अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाने लगा. मना करने पर उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना दी गई. पीड़िता ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.

ब्लैकमेलिंग से त्रस्त दो बच्चों की मां ने की खुदकुशी, प्रेमी गिरफ्तार

बिलासपुर. ब्लैकमेलिंग से त्रस्त होकर दो बच्चों की मां के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार निवासी राधेश्याम यादव ने बताया, 12 साल पहले उन्होंने गांव के रंजिता यादव से प्रेम विवाह किया था, उनके दो बच्चे हैं. 19 जनवरी की दोपहर 3 बजे उनकी पत्नी रंजिता यादव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. उन्होंने थाने में लिखित शिकायत करते हुए आरोप लगाया था. सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में उनकी पत्नी रंजिता की तखतपुर खैरी निवासी सौरभ विश्वास पिता दीपक विश्वास से दोस्ती हो गई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया. इसी दौरान उसने दोनों की

मोबाइल में फोटो ले ली. उसके बाद वह उनकी पत्नी को फोटो सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करने लगा. भय से उनकी पत्नी उसे 2 लाख रुपए दे चुकी थी. उसके बाद भी उसे पैसा देने के लिए युवक दबाव बना रहा था. 19 जनवरी को युवक ने पैसा भेजने के लिए उनके पत्नी मोबाइल में अपना बैंक एकाउंट व बार कोड भेजा था. पति ने मामले की लिखित शिकायत सकरी थाने में की है. इधर पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है. पुलिस मृतका को मोबाइल जब्त कर जांच में जुट गई है. शनिवार को पुलिस ने जांच के बाद बीएनएस की धारा 108 के तहत जुर्म दर्ज कर प्रेमी सौरभ विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है.