हरियाणा की फरीदाबाद जेल में बंद अब्दुल रहमान की हत्या कर दी गई है। रविवार देर रात जेल में मर्डर केस में बंद अरुण चौधरी उर्फ अब्बू जट नाम के कैदी ने उस पर नुकीली चीज से हमला किया। दोनों को हाई सिक्योरिटी वाली बैरक में एक साथ बंद किया गया था। नीमका स्थित जेल की इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। वारदात का पता चलते ही जेल अधिकारी बैरक में पहुंचे। इसके बाद रहमान की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया।

बता दें कि, 20 साल के अब्दुल को गुजरात ATS ने मार्च 2025 में पकड़ा था। जांच में पता चला कि वह अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (AQIS) के कुख्यात आतंकी अबू सूफियान के संपर्क में था। उसने अयोध्या में राम मंदिर उड़ाने की साजिश रची थी। वहीं इस क़त्ल में शामिल कैदी अरुण चौधरी को पंजाब में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 2 साल पहले ही उसे कठुआ जेल से फरीदाबाद की इस नीमका जेल में शिफ्ट किया गया था।

जम्मू कश्मीर के कठुआ का रहने वाला

अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार देर रात लगभग दो बजे साथी बंदी ने हमला करके संदिग्ध आतंकी को मौत के घाट उतार दिया। मालूम हो कि अब्दुल रहमान राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश में शामिल था। वो मूल रूप से जम्मू कश्मीर के कठुआ का रहने वाला था। रिपोर्ट के अनुसार, अरुण चौधरी को भी आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के कारण ही गिरफ्तार किया गया था।

गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में संदिग्ध को पाली इलाके से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से ही वो नीमका जेल में बंद था। अब हाई प्रोफाइल मामले में अभियुक्त कैदी की हत्या के मामले में जेल प्रबंधन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। हालांकि, जेल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या दोनों में कोई आपसी रंजिश थी या यह हत्या किसी आतंकी प्लानिंग का हिस्सा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m