रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाज़ी देखने को मिल रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठनात्मक कार्यक्रमों से लेकर नक्सलवाद, बस्तर विकास, असम चुनाव, कवासी लखमा के विधानसभा सत्र में शामिल होने और सरकारी दफ्तरों में आगजनी की घटनाओं तक कई मुद्दों पर भाजपा और केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी
दीपक बैज ने बताया कि कल छत्तीसगढ़ के जिला कांग्रेस अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा, जिसमें वरिष्ठ नेता संगठन को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से कांग्रेस संगठन को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकारी दफ्तरों में आगजनी पर गंभीर आरोप
सरकारी दफ्तरों के रिकॉर्ड रूम में लगी आग की घटनाओं पर भी दीपक बैज ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार सरकारी कार्यालयों में आग लग रही है और अब तक चार विभागों में आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
बैज ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए जानबूझकर सरकारी दफ्तरों में आग लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि 25 साल में पहली बार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद गंभीर और जांच का विषय हैं।
अमित शाह की नक्सलियों से अपील और बस्तर पंडुम पर सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नक्सलियों से हथियार सौंप कर आत्मसमर्पण की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने आरोप लगाया कि “बस्तर पंडुम के नाम पर चहेते उद्योगपतियों के लिए माइनिंग कॉरिडोर बनाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि अब तक लगातार तीन खदानें बिक चुकी हैं और सर्वे के नाम पर यह देखा जा रहा है कि खदानों से कितनी दूरी पर नक्सली हैं, ताकि बाद में पीछे के रास्ते से उद्योगपतियों को प्रवेश दिया जा सके। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा को बस्तर के विकास से कोई लेना-देना नहीं है और पिछले दो वर्षों में बस्तर के लिए एक ईंट तक नहीं रखी गई।
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलवाद संबंधी बयान को दीपक बैज ने आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान नक्सलियों के खिलाफ मजबूती से अभियान चलाया गया, जिसका नतीजा यह रहा कि नेशनल और स्टेट हाईवे नक्सलियों से मुक्त रहे और नक्सलियों को करीब 40 किलोमीटर के दायरे में सीमित कर दिया गया था।
उन्होंने याद दिलाया कि यही अमित शाह उस समय कांग्रेस सरकार की तारीफ कर रहे थे। बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही झीरम घाटी जैसी दर्दनाक घटना हुई थी, जिसमें कांग्रेस नेताओं और जवानों समेत 32 लोगों की जान गई थी। उन्होंने गृह मंत्री से इस पर माफी मांगने की मांग की।
दीपक बैज ने भाजपा पर कसा तीखा तंज
भाजपा के बयानों पर पलटवार करते हुए दीपक बैज ने तीखे शब्दों में कहा कि “बीजेपी काजल की कोठरी में बैठकर खुद को हरिश्चंद्र बता रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बिना टेंडर खोले ही काम निपटाए जा रहे हैं और मुख्यमंत्री कन्या विवाह जैसी योजनाओं की तैयारियां कागज़ों में पूरी हो जाती हैं। बैज ने कहा कि कांग्रेस में ऐसी परंपरा नहीं रही है और भाजपा को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
कवासी लखमा के विधानसभा सत्र में शामिल होने को लेकर कही ये बात
कवासी लखमा द्वारा विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए लिखे गए पत्र पर दीपक बैज ने कहा कि यह एक नियमित और वैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि कवासी लखमा को जमानत मिल चुकी है, वे वर्तमान में अन्य राज्य में रह रहे हैं, लेकिन वे चुने हुए विधायक हैं। नियमों के तहत यदि अनुमति का प्रावधान है, तो उन्हें विधानसभा सत्र में शामिल होने की अनुमति मिलनी चाहिए।
असम चुनाव को लेकर भाजपा पर खड़े किए सवाल
असम चुनाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं को मिली जिम्मेदारी पर बैज ने भाजपा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि छत्तीसगढ़ में दो साल में क्या उपलब्धि हासिल की है।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कोई वादा पूरा नहीं किया, किसान परेशान हैं और महिलाओं को एक हजार रुपये देकर बिजली बिल के नाम पर लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले अपना एजेंडा तय करे, क्योंकि कांग्रेस के पास भाजपा के खिलाफ जमीन से लेकर आसमान तक मुद्दे हैं। बैज ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा असम में झूठ और प्रोपेगेंडा फैलाने के अलावा कुछ नहीं कर सकती।
कुल मिलाकर, दीपक बैज के बयानों से साफ है कि छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में नक्सलवाद, विकास, भ्रष्टाचार और चुनावी राजनीति को लेकर सियासी टकराव और तेज होने वाला है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


