हेमंत शर्मा, इंदौर। देश में आठवें वेतन आयोग को लेकर सरकारी कर्मचारियों में उत्सुकता चरम पर है। हर कोई जानना चाहता है कि सैलरी कितनी बढ़ेगी, कब लागू होगा और फायदा कितना मिलेगा। लेकिन इसी उत्सुकता को अब साइबर ठग हथियार बना रहे हैं। आठवें वेतन आयोग के नाम पर ठगी का नया तरीका सामने आया है, जिसमें एक क्लिक आपकी पूरी जमा पूंजी साफ कर सकता है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इसे लेकर खास एडवाइजरी जारी की है।
आठवें वेतन आयोग को लेकर इंटरनेट पर सर्च तेजी से बढ़ रही है। लोग जानना चाहते हैं कि उनकी सैलरी कितनी बढ़ेगी, इसी मौके का फायदा उठा रहे हैं साइबर ठग, व्हाट्सएप, फेसबुक और मैसेज के जरिए ऐसे लिंक भेजे जा रहे हैं, जिसमे लिखा होता है ‘आठवें वेतन आयोग में आपकी सैलरी कितनी बढ़ेगी, अभी जानें।’
APK फाइल खुलते ही मोबाइल पर पूरा कंट्रोल साइबर अपराधियों का हो जाता है। ओटीपी, बैंक डिटेल, पासवर्ड सब उनके हाथ में चला जाता है। कुछ ही मिनटों में अकाउंट से पैसे उड़ाए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा शिकार सरकारी कर्मचारी बन रहे हैं, क्योंकि वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी पाने की उनकी उत्सुकता सबसे ज्यादा है।
इंदौर क्राइम ब्रांच का कहना है कि सरकार की ओर से वेतन आयोग से जुड़ी कोई भी जानकारी कभी भी एपीके फाइल या निजी लिंक के जरिए नहीं भेजी जाती। अगर किसी को ऐसा मैसेज आए तो उसे तुरंत डिलीट करें और किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत करें।

