जुबैर अंसारी/सुपौल। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ सोमवार शाम सुपौल के बीरपुर गोल चौक पर उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जगदीश प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में समर्थकों ने विशाल मशाल जुलूस निकाला और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।
नीरज बबलू पर तीखा पलटवार
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। प्रोफेसर रमेश प्रसाद यादव ने नीरज बबलू के पेशेवर अपराधी वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो खुद विवादों और कोर्ट के समन से घिरे रहे हैं, उन्हें दूसरों पर उंगली उठाने का हक नहीं है। उन्होंने कहा, नीरज बबलू खुद शूटर रहे हैं और कटिहार न्यायालय से उनके खिलाफ समन जारी हो चुका है। इसके विपरीत, समर्थकों ने पूर्व सांसद आनंद मोहन द्वारा दिए गए सकारात्मक बयान की सराहना की।
नीट छात्रा के लिए न्याय की मांग
नेताओं ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव को राजनीतिक साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है क्योंकि वे नीट छात्रा के साथ हुए अन्याय और संदिग्ध मौत के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं:
सांसद पप्पू यादव की अविलंब रिहाई।
नीट छात्रा मामले के असली दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी।
पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच।
मौके पर शाहजमाल उर्फ लाल मुखिया, मुकेश यादव, मिन्नतुल्ला खान और पवन मिश्रा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


