पटना। सिटी के मुंगलपुरा इलाके में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाइक पर सवार दो युवकों को 32 लाख रुपए के साथ पकड़ा है। गश्त के दौरान जब पुलिस ने संदेह होने पर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें 500-500 के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत 32 लाख रुपए है।
पूछताछ के दौरान युवकों ने दावा किया कि वे वर्धमान की एक निजी कंपनी के कर्मचारी हैं और यह पैसा बैंक में जमा करने जा रहे थे। हालांकि, इतनी बड़ी राशि के स्रोत को लेकर पुलिस संतुष्ट नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पटना सिटी के अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है, जो अब पैसों के वैध होने की जांच करेगा।
नशा तस्करी पर प्रहार
पटना सिटी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए स्मैक तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने कौवाकोह-किला रोड से गिरोह के मुख्य सरगना आदित्य कुमार उर्फ जॉनसन को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 3 फरवरी को हुई छापेमारी के अगले चरण के रूप में देखी जा रही है, जिसमें पहले ही दो युवक 51 ग्राम स्मैक के साथ पकड़े गए थे।
गिरफ्तारी के बाद जॉनसन ने कुबूल किया कि वह बाहरी राज्यों से नशीले पदार्थ मंगवाकर पटना सिटी में सप्लाई करता था। उसने स्थानीय युवकों का एक बड़ा नेटवर्क तैयार कर रखा था, जो पुड़िया बनाकर इसे शहर के कोने-कोने में बेचते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


