कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की कार्यवाही आज गुरुवार (12 फरवरी) को शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई। विधानपरिषद में आज सरकार द्वारा पेश किए गए समाज कल्याण और पथ निर्माण से जुड़े बजटीय प्रावधानों पर चर्चा होनी थी। हालांकि विपक्षी सदस्यों ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। राबड़ी देवी समेत अन्य सदस्य सदन के मुख्य गेट पर आकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

जवाब नहीं दे रही सरकार- राबड़ी देवी

विपक्षी सदस्यों ने भ्रष्टाचारी सरकार होश में और के नारे लगाए। वहीं, उनके हाथों में अलग-अलग तख्ती भी नजर आया, जिसमें सरकार के खिलाफ नारे लिखे गए थे। वहीं, मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि, सदन में सरकार हमारे सवालों का जवाब नहीं दे रही है। यही कारण है कि हम लोग लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से जवाब की मांग कर रहे हैं।

राजद नेता राबड़ी देवी ने कहा कि, महिलाएं असुरक्षित हैं। इसलिए तो हम नारा लगा रहे हैं, महिलाओं के साथ दुर्घटना रोज हो रहा है…सरकार बेहरा हो गया है। कानून व्यवस्था बिहार और पूरे देश का खराब है।

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोक-झोंक

गौरतलब है कि विधान परिषद में बीते कई दिनों से विपक्षी सदस्य सरकार से महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और पटना नीट छात्रा मौत व दरभंगा में दुष्कर्म हत्याकांड जैसे मुद्दों पर चर्चा और जवाब मांग रही है। इसके विरोध में विपक्षी सदस्य लगातार हंगामा कर रहे हैं। सदन में भी इन मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच काफी नोक-झोंक भी देखने को मिल रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘आने वाली पीढ़ियों के लिए अभिशाप नहीं बनेगा भूमि विवाद’, सदन में बोले डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, मुंह पर काली पट्टी बांधकर पहुंचे कांग्रेस विधायक