कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज जौनपुर राजमार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा हसनपुर गांव के पास समय हुआ जब बोलेरो प्रयागराज से जौनपुर की ओर जा रही थी. तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पक्की दीवार से जोरदार टक्कर मार बैठा. टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए.

इसे भी पढ़ें- हत्या है या फिर कुछ और ? संदिग्ध परिस्थितियों में कपड़े से लटका मिला किशोर का शव, मौत की मिस्ट्री सुलझाने में जुटी खाकी

हादसे में बोलेरो सवार 30 वर्षीय विपिन पांडेय पुत्र बृजेश पांडेय, निवासी हरखमलपुर, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं साथ में बैठे 20 वर्षीय शुभम सिंह पुत्र राजबीर सिंह, निवासी ग्राम भीदीयुरा, थाना बक्शा, जनपद जौनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए.

इसे भी पढ़ें- न कानून का डर, न कानून के रखवालों का! बारात में 2 युवकों पर जानलेवा हमला, जान से मारने की धमकी देते हुए की जातिसूचक टिप्पणी

स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक विपिन पांडेय की सांसें थम चुकी थीं. घायल शुभम सिंह को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सतहरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई और छुट्टी दे दी. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई. जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.