Bilaspur News Update : बिलासपुर. डामर ट्रांसपोर्टिंग के नाम पर ढाई लाख की ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर निवासी प्रदीप डाबरा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया कि, बाबजी पार्क रिंग रोड नंबर-2 निवासी रामसेवक सिंह ने डामर ट्रांसपोर्टिंग के नाम पर लैंडमार्क इंजीनियर शांतिनगर के संचालक निशांत जैन से जुलाई 2022 में 2 लाख 50 हजार रुपए नकद प्राप्त किए थे. शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त राशि एचपीसीएल विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश) से तखतपुर क्षेत्र के ग्राम दरीं तक डामर परिवहन कार्य के लिए दी गई थी, लेकिन रामसेवक सिंह ने न तो कार्य किया और न ही रकम लौटाई. बार-बार मांग करने पर आरोपी ने 4 सितंबर 2022 को एचडीएफसी बैंक का 2.50 लाख रुपये का चेक दिया, जो 14 अक्टूबर 2022 को बैंक से बाउंस हो गया. चेक बाउंस की जानकारी देने और रकम वापस मांगने पर आरोपी ने निशांत जैन के साथ मां-बहन की गंदी गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर गलत चेक देकर धोखाधड़ी की. मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी रामसेवक सिंह के खिलाफ धारा 420, 294, 506 भादवि एवं 138 एनआई एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

आईगॉट कर्मयोगी प्रशिक्षण आज, बढ़ेगी प्रशासनिक दक्षता

बिलासपुर. सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के प्रभावी क्रियान्वयन 13 फरवरी को संभाग स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित होगा. संभागायुक्त सुनील जैन की अध्यक्षता में कोनी स्थित चेतना सभा कक्ष में यह कार्यशाला होगी. राज्य स्तर से अवर सचिव एवं नोडल अधिकारी अंजू सिंह अधिकारियों को प्रशिक्षण देंगी. कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे, जबकि अन्य जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे. प्रशिक्षण का उद्देश्य डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देना और प्रशासनिक कार्यक्षमता में सुधार लाना है.

अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

बिलासपुर. तोरवा पुलिस व एसीसीयू टीम ने बुधवारी बाजार के पास एक व्यक्ति को 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया तस्कर अंतराज्यीय गिरोह का सदस्य है जो कि, बिहार से गांजा लाकर शहर में खपाता था. थाना प्रभारी तोरवा निरीक्षक अभय सिंह बैस के द्वारा एसीसीयू यूनिट के साथ बाहरी लोगो एवं संदिग्धो पर लगातार निगाह रखी जा रही थी. 11 फरवरी के रेल्वे स्टेशन से लगा हुआ बुधवारी बाजार के पास एक व्यक्ति जिसके हाथ में 1 वजनी थैला रखा हुआ दिखा. संदेह पर पूछताछ करने पर गोलमोल जवाब एवं मौके से भागने की फिराक करने पर पुलिस टीम के द्वारा थैला को चेक किया गया. अलग-अलग 2 बंडल खाकी टेप में लिपटा हुआ गांजा की गंध आ रही थी. जांच करने पर उसमें 10 किलो गांजा होना पाया गया. पूछताछ पर मझबलिया, बिहार राज्य का रहने वाला आमोद प्रसाद बरई उर्फ अमोद चैरसिया बताया. उसने गांजा को संबलपुर उडीसा से लाना बताया. आरोपी के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई कर गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है. गौरतलब हो कि, तोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन होने की वजह से दीगर प्रांत से आने वाले तस्करों द्वारा गांजा की सप्लाई की जाती है.

पकड़ा गया तस्कर

तोरवा टीआई अभय सिंह बैंस ने बताया कि बुधवारी बाजार में तस्कर गांजा खपाने के लिए किसी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया. तस्कर पहली बार शहर में गांजा खपाने के लिए आया था.

रेल सेवा पुरस्कार आज

बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का 70वां विशिष्ट रेल सेवा एवं रेल सेवा पुरस्कार महाप्रबंधक स्तर समारोह का आयोजन शुक्रवार की शाम 5 बजे सेकेरसा ग्राउंड में किया जाएगा, जिसके मुख्य अतिथि महाप्रबंधक तरूण प्रकाश होंगे. इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विगत वर्ष किए गए उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने सम्मानित किया जाएगा. इसके तहत विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के अंतर्गत 51 कर्मचारियों एवं 9 अफसरों व रेल सेवा पुरस्कार में एक अफसर और 12 रेल कर्मचारियों को महाप्रबंधक सम्मानित करेंगे. वहीं विभिन्न विभागों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 20 मेजर शील्ड एवं 38 माइनर शील्ड भी प्रदान किए जाएंगे.