दुर्ग। दुर्ग में नकली पिस्टल से फायरिंग कर सोशल मीडिया में अपलोड करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. तीनो ने इस तरह का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील बनकर अपलोड कर दिया था. जिसमें युवक गोली चलाते नजर आ रहें हैं. पुलिस ने तीनों सोशल मीडिया में हथियार का उपयोग कर खौफ दिखाने के आरोप मे यह कार्रवाई की.

यह भी पढ़ें : Mahashivratri 2026 : व्रत के लिए इस बार मीठे में बनाएं स्वादिष्ट साबूदाना रसमलाई, यहां देखें रेसिपी…

दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की. इस इस वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से दो युवक कार से उतरते हैं और हवाई फ़ायरिग कर रहें हैं. एक युवक कार के पास ही खड़ा हंसता हुआ नजर आ रहा है. एक अन्य युवक इसका वीडियो बना रहा हैं.

पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी स्टेशन रोड क्षेत्र के सुमित बाजार के पास कार से उतरकर नकली पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास कर रहे थे. युवको की पहचान जयदीप कांडा (36), गगनप्रीत सिंह (37) और पवनदीप सिंह (32) के रूप में की गई .कार में बैठकर नकली पिस्टल से गोली चलाने और का माहौल बनाने वाले तीनों रीलबाजों को पकड़ा और पुलिस हिरासत में तीनों युवकों ने कान पकड़कर उठक बैठक की और माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की बात कही.

सीएसवीटीयू में 19 को ओपन डिफेंस में पीएचडी परीक्षा

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई द्वारा पीएचडी (ओपन डिफेंस) की तिथि घोषित कर दी गई है. फार्मेसी संकाय की पीएचडी की परीक्षा ओपन डिफेंस में 19 फरवरी को सुबह 11.30 बजे आयोजित की जाएगी. यह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगा, जबकि स्थल सीएसवीटीयू, भिलाई का कॉन्फ्रेंस हॉल निर्धारित किया गया है.

शोध कार्य औषधीय हर्बल तत्वों पर आधारित नवीन उपचारात्मक फॉर्म्युलेशन के विकास और प्रभावों का अध्ययन है. शोधार्थी का मार्गदर्शन डॉ. चंचल दीप कौर, प्रोफेसर रायपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा किया गया है. जबकि शोध केंद्र आरसीपीएसआर भिलाई है. शोध कार्य फार्मेसी, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एवं बायोटेक्नोलॉजी संकाय के अंतर्गत पूर्ण किया गया है. ओपन डिफेंस परीक्षा में संबंधित विषयों के प्राध्यापकों, शोधार्थी एवं विद्यार्थी शामिल होंगे.

कुगदा फाटक 15 से 26 तक रहेगा अस्थायी रूप से बंद

भिलाईनगर। रेलवे प्रशासन द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के अंतर्गत कुम्हारी से भिलाई किमी. 842/8-10 (कुम्हारी से भिलाई की ओर ) स्थित मानव सहित समपार संख्या 430 कुगदा फाटक में बेहतर सड़क आवागमन सुविधा के लिए रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. इसके फलस्वरूप यह समपार फाटक 15 से 26 फरवरी तक 12 दिनों के तक सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद रहेगा.

वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में उक्त समपार फाटक के निकट रायपुर की ओर लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर समपार फाटक क्र. 429 (परसदा गेट) स्थित है एवं दुर्ग की ओर लगभग 2.5 किलोमीटर की दूरी पर समपार फाटक क्र. 436 (उरला गेट) पर अंडरब्रिज निर्मित है तथा उसका उपयोग आवागमन के लिए किया जा रहा है. इसलिए समपार फाटक संख्या 430 के आस-पास से आवगमन करने वाले लोगों को असुविधा नहीं होगी.

एनएचएम के 38 संविदा पदों के लिए प्रतीक्षा सूची अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 17 फरवरी को

दुर्ग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संविदा भर्ती के लिए कुल 38 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया था. इन पदों के लिए जारी प्रतीक्षा सूची के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों कि 17 फरवरी को अपरान्ह 12 बजे से मेरिट के आधार पर काउंसलिंग आयोजित की जाएगी.

काउंसिलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा रिक्त पदों के विरुद्ध पदस्थापना स्थल का चयन भी किया जाएगा. यह पूरी प्रक्रिया कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग के सभागार में संपन्न होगी. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार सभी संबंधित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को प्रातः 11 बजे तक उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, ताकि काउंसलिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके. इसके साथ ही उक्त विज्ञापित पदों में से पांच पदों हेतु दस्तावेज सत्यापन एवं लिखित / कौशल परीक्षा संवर्गवार मेरिट सूची व परीक्षा समय सारणी विभागीय वेबसाईट में प्रकाशन किया गया है.

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए अंतिम सूची जारी

दुर्ग। एकीकृत बाल विकास परियोजना जामगांव एम. के अंतर्गत परिक्षेत्र सिकोला के आंगनबाड़ी केन्द्र आमापेण्ड्री में रिक्त कार्यकर्ता पद की भर्ती हेतु अंतिम सूची जारी कर दी गई है. उक्त सूची परियोजना कार्यालय जामगांव-एम. तथा जनपद पंचायत पाटन में चस्पा की गई है. इस संबंध में पात्र अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति आमंत्रित किए गए हैं. दावा-आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 25 फरवरी तक शाम 5.30 बजे तक निर्धारित की गई है. अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक कार्यालयीन समय में कार्यालय एकीकृत बाल विकास परियोजना जामगांव एम. में अपना दावा- आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं. निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त किसी भी दावा- आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा.

लेबर कोड के खिलाफ बीएसपी यूनियनों का जारी रहेगा विरोध

भिलाईनगर। चार लेबर कोड बनाकर अधिसूचित करने और इसे 1 अप्रैल से पूरे देश में लागू करने की घोषणा के विरोध में बीएसपी की यूनियनों ने संयुक्त रूप से सेक्टर-1 इक्विपमेंट चौक में विरोध जताया. उन्हें कर्मियों का समर्थन नहीं मिला. यूनियन नेता ही सड़क पर खड़े होकर नारे लगाते रहे, कर्मी प्रोडक्शन बढ़ाने में जुटे थे. देश के 10 बड़े राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों एवं विभिन्न फेडरेशनों सहित सैकड़ों किसान संगठनों ने 12 फरवरी को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था. इसी क्रम में भिलाई में भी संयुक्त ट्रेड यूनियन ने हड़ताल किया.

संयुक्त ट्रेड यूनियन के नेताओं ने कहा कि यूनियन भिलाई के मजदूरों के बीच हड़ताल के मुद्दों को पहुंचाने में सफल रही है. श्रमिक हड़ताल के कारणों एवं मांगों को समझ रहे हैं तथा नैतिक समर्थन भी दे रहे हैं, किंतु प्रत्यक्ष भागीदारी को लेकर अभी निर्णय नहीं ले पा रहे हैं. यूनियन ने सभी कमियों को यह संदेश दिया कि यदि लेबर कोड लागू हो जाते हैं, तो उससे उत्पन्न परिस्थितियों का सामना करने के लिए अंततः सभी को संघर्ष के मैदान में उतरना ही पड़ेगा.

बीएसपी में जूनियर अफसर पॉलिसी में कई बदलाव

भिलाईनगर। सेल मैनेजमेंट ने जूनियर अफसर प्रमोशन पालिसी (ई-जीरो) की परीक्षा के लिए कई बदलाव कर दिया है. अब प्रोफेशनल क्वालिफिकेशन के लिए एस 6 ग्रेड के बाद ही पात्रता होगी. मैट्रिक व आईटीआई पास को 8 वर्ष बाद पात्रता मिल सकेगी.

सेल मैनेजमेंट जूनियर अफसर प्रमोशन पालिसी में हर बार बदलाव करता है. इस बार भी आगामी ई जीरो की परीक्षा के लिए व्यापक बदलाव किया गया है. अब ई जीरो से ई-1 तीन वर्ष बाद ही मिलेगा. लिखित परीक्षा का वेल्यू 70 प्रतिशत कर दिया गया है. इंटरव्यू के मार्क्स को 10 प्रतिशत, लेंग्थ आफ सर्विस को 11 प्रतिशत, लिखित परीक्षा में रिजनिंग के मार्क्स को 40 प्रतिशत किया गया है.

उम्मीदवारों को पिछले तीन वर्षों में न्यूनतम बी या समकक्ष रेटिंग होनी चाहिए. विगत तीन लगातार वर्षों में किसी में बी या इसके समकक्ष रेटिंग वालों के आवेदनों पर प्रमोशन प्रक्रिया के लिए विचार नहीं किया जाएगा. मैनेजमेंट ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि जूनियर मैनेजर के रूप में चुने गए कर्मियों को संयंत्र के किसी अन्य विभाग में या कम्पनी की किसी अन्य यूनिट में ट्रांसफर किया जा सकता है. उन्हें प्रमोशन पाने की तारीख से 5 वर्ष से पहले ट्रांसफर के लिए आवेदन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H