पटना। राजधानी के जानीपुर इलाके से अपहृत डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी को बिहार पुलिस की स्पेशल रिस्पांस टीम (SRT) ने महज 24 घंटे के भीतर समस्तीपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी है।

​रास्ते से किया गया था अपहरण

​घटना 10 फरवरी 2026 की है। डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी, जो ‘आर्यभट्ट इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग’ से अपने राजीव नगर स्थित आवास लौट रहे थे, रास्ते में अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया। किडनैपिंग के बाद परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

​SRT टीम की त्वरित कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन का सहारा लिया। सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने समस्तीपुर के वारिसनगर (मकसूदपुर गांव) में छापेमारी कर डॉक्टर को सुरक्षित छुड़ा लिया। मौके से रविन्द्र प्रसाद, राकेश कुमार और मनीष कुमार को दबोचा गया है।

​पैसे के लेनदेन और विवाद का मामला

​पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह अपहरण ‘मनोज’ नामक व्यक्ति ने सुपारी देकर करवाया था। डॉक्टर और मनोज के बीच नौकरी दिलाने तथा परीक्षा पास कराने के नाम पर भारी रकम के लेनदेन का विवाद चल रहा था। इसी बकाया राशि को वसूलने के लिए मनोज ने समस्तीपुर के अपराधियों के साथ मिलकर इस किडनैपिंग की योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।