विजय कुमार/​जमुई। जिले में पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय ‘माटी का बल दंगल’ कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अखाड़ा पूरी तरह सज चुका है। शनिवार सुबह 9:00 बजे तक अखाड़े का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया, जिसकी सबसे खास बात इसकी मिट्टी की तैयारी रही।

​मिट्टी को नर्म बनाने के लिए विशेष सामग्री का उपयोग

​पहलवानों को चोट से बचाने और अखाड़े को पारंपरिक स्वरूप देने के लिए मिट्टी को विशेष रूप से तैयार किया गया है। 45 फीट चौकोर इस अखाड़े की मिट्टी में 1 क्विंटल दूध, 1 क्विंटल दही, 400 किलो हल्दी, 5 टीन सरसों तेल, 500 नींबू और 35 किलो सूखी मेहंदी मिलाई गई है। जिलाधिकारी नवीन और एसपी विश्वजीत दयाल ने स्वयं अखाड़े में दूध, हल्दी और मेहंदी का छिड़काव कर इस पावन मिट्टी को तैयार करने में योगदान दिया।

​उपमुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

​बिहार कुश्ती संघ के सचिव विनय कुमार सिंह के अनुसार, इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग के लगभग 300 प्रतिभागी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन शनिवार दोपहर 3:00 बजे उपमुख्यमंत्री विजय सम्राट द्वारा किया जाएगा। खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में यह आयोजन रविवार रात 9:00 बजे तक चलेगा।

​विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार और चांदी का गदा

​मैदान पर अपना पसीना बहाने वाले उत्कृष्ट पहलवानों के लिए पुरस्कारों की भी विशेष व्यवस्था है। विजेताओं को 1 लाख रुपये तक की नकद राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, प्रतियोगिता के सबसे बेहतरीन पहलवानों को सम्मान के प्रतीक के रूप में चांदी का गदा भेंट किया जाएगा।