अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। जिले में सांसद निधि से बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय अब जनसुविधा से ज्यादा चर्चा और सवालों का विषय बन गए हैं। बैतूल-हरदा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके की सांसद निधि से साल 2024 से 2026 के बीच 1 करोड़ 35 लाख 17 हजार 181 रुपये की लागत से 52 प्रतीक्षालय स्वीकृत किए गए। कागजों में यह पहल यात्रियों की सुविधा के लिए बताई गई, लेकिन जमीनी हकीकत कई जगह अलग कहानी बयां कर रही है।

सिराली तहसील के ग्राम पीपल्या में तो स्थिति और भी चौंकाने वाली है। यहां टिमरनी विधायक अभिजीत शाह और सांसद निधि से आमने-सामने दो प्रतीक्षालय बना दिए गए। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही पर्याप्त था, लेकिन प्रतिस्पर्धा में जनधन पर दोहरा खर्च कर दिया गया।

 ग्राम खिड़की में पंचायत परिसर के भीतर प्रतीक्षालय खड़ा कर दिया गया, जबकि बस स्टॉप मुख्य सड़क पर है, जो लगभग एक किलोमीटर दूर है। वहीं ग्राम गांगला में स्टेट हाईवे से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर प्रतीक्षालय बना है, जहां बसों का संचालन ही नहीं होता। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां जरूरत थी, वहां निर्माण नहीं हुआ, और जहां जरूरत नहीं थी, वहां राशि खर्च कर दी गई।

बात करें आंकड़ों के अनुसार तो एक प्रतीक्षालय पर औसतन करीब 2.59 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इस मामले में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जांच की बात कही है। फिलहाल, खाली पड़े प्रतीक्षालय खुद यह संकेत दे रहे हैं कि जनसुविधा की इस योजना पर कहीं न कहीं पलीता जरूर लगा है।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यह राशि वास्तव में जनहित में उपयोग हुई या फिर योजनाओं के नाम पर औपचारिकता पूरी की गई? 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m