विकास कुमार/सहरसा। जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां सलखुआ प्रखंड के उटेसरा पंचायत अंतर्गत पिपरा कोसी बांध के समीप भीषण आग लगने से भारी तबाही मची है। इस अगलगी में देखते ही देखते आधा दर्जन से अधिक परिवार बेघर हो गए और उनकी जीवन भर की कमाई खाक में मिल गई।

​अफरातफरी के बीच मची चीख-पुकार

​घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दोपहर के वक्त अचानक उठी आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

​सब कुछ जलकर हुआ खाक

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घरों के भीतर रखा अनाज, कीमती कपड़े, फर्नीचर, नकदी और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों के पास अब सिर ढकने के लिए छत और खाने के लिए दाना तक नहीं बचा है।

​दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने पाया काबू

​अगलगी की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका। फिलहाल, स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद है और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है ताकि प्रभावितों को उचित मुआवजा मिल सके।