​नालंदा। खुशियों के माहौल के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। नालंदा जिले के एकंगरसराय-जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में तीन चचेरे भाइयों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

​कैसे हुआ हादसा?

​जानकारी के अनुसार, जहानाबाद जिले के टेनी बीघा गांव के चार युवक—सोनू कुमार (21), रोहित कुमार (22), उद्देश्य कुमार (18) और सूरज (19)—मसौढ़ी में एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार की सुबह जब वे वापस लौट रहे थे, तभी कठार पुल के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें चकमा दे दिया। बचाव की कोशिश में कार अनियंत्रित होकर सीधे पुल के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

​मृतकों की पहचान और गांव में मातम

​हादसे में सोनू और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उद्देश्य ने पटना ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल सूरज की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान विनय शंकर के पुत्र सोनू, दिलीप कुमार के पुत्र रोहित और उदय कुमार के पुत्र उद्देश्य के रूप में हुई है। एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से टेनी बीघा गांव में कोहराम मच गया है।

​पुलिस की कार्रवाई

​तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टिंकू ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।