जुबैर अंसारी/​सुपौल। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी और बिहार पुलिस के उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान टीम ने कुल 144 लीटर नेपाली शराब जब्त की है।

​गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

​45वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सीमा चौकी रानीगंज और साहेबान के कार्यक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष नाका दलों का गठन किया गया। इस टीम में एसएसबी के जवानों के साथ बिहार पुलिस के उत्पाद विभाग के अधिकारी व कर्मी भी शामिल हुए।

​अंधेरे का लाभ उठाकर भागे तस्कर

​रणनीति के तहत रानीगंज टीम ने स्पर संख्या 380 से 330 के बीच और साहेबान-उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने स्पर संख्या 615 के पास घात लगाई। कुछ समय बाद तस्करों की हलचल दिखाई दी। जवानों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर भौगोलिक स्थिति और घने अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।

​तलाशी में भारी मात्रा में बरामदगी

​भाग रहे तस्करों द्वारा छोड़े गए सामान की जब तलाशी ली गई, तो रानीगंज दल को दो बोरियों से 90 लीटर और साहेबान संयुक्त टीम को 54 लीटर नेपाली शराब मिली। जब्त की गई कुल 144 लीटर शराब को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मद्य निषेध विभाग, सिमराही (सुपौल) को सौंप दिया गया है।

​टीम की सक्रिय भागीदारी

​इस सफल अभियान में एएसआई अमृतलाल, मुख्य आरक्षी महेश चौधरी और उत्पाद विभाग के निरीक्षक संजय कुमार प्रियदर्शी सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमांडेंट ने दोहराया कि सीमा पर अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी का अभियान निरंतर जारी रहेगा।