सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले के हाजीपुर प्रखंड से एक बेहद ही शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां एक जनप्रतिनिधि पर मानवता को शर्मसार करने वाला गंभीर आरोप लगा है। मामला हाजीपुर प्रखंड के काशीपुर चकबिबि पंचायत का बताया जा रहा है, जहां पंचायत के मुखिया अर्जुन सिंह पर अपने ही पंचायत के 16 वर्षीय नाबालिग लड़के के साथ यौन शोषण करने के प्रयास का आरोप लगा है।

पीड़ित नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसने किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी लेने के लिए मुखिया को फोन किया था। इसके बाद मुखिया ने उसे पंचायत के कचरा भवन पर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही नाबालिग वहां पहुंचा, मुखिया ने उसके साथ जबरन अश्लील हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी द्वारा और भी आपत्तिजनक प्रस्ताव दिया गया, जिससे घबराकर नाबालिग किसी तरह वहां से भाग निकला।

घर पहुंचने के बाद पीड़ित ने पूरी घटना अपने परिजनों और ग्रामीणों को बताई, जिसके बाद बाराटी थाना में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि मुखिया का चरित्र पहले से ही विवादों में रहा है और इस तरह के मामलों को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि केस दर्ज होने के बाद से आरोपी मुखिया गांव छोड़कर फरार है। फिलहाल इस घटना ने पूरे वैशाली जिले को झकझोर दिया है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। ऐसे में अब देखने वाली बात यह है कि कानून का शिकंजा आरोपी तक कब पहुंचता है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है।

ये भी पढ़ें- पुलिस को देखकर भाग रहे शराब माफिया की सड़क हादसे में मौत, 30 अप्रैल को होनी थी शादी, एक पुलिसकर्मी घायल