उत्तम कुमार, मजुफ्फरपुर। जिले में युवाओं को उद्योग आधारित आधुनिक कौशल, नई तकनीक और डिजिटल ज्ञान से सशक्त बनाने तथा उन्हें रोजगार का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना आज युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बनती जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को व्यावहारिक अनुभव, बहु-क्षेत्रीय कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे बदलते औद्योगिक परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
इस योजना का संचालन बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा किया जा रहा है। मिशन के अंतर्गत युवाओं को विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में इंटर्नशिप और प्रशिक्षण के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें न केवल उन्नत तकनीकी दक्षता प्राप्त हो, बल्कि बेहतर रोजगार क्षमता, नेतृत्व विकास, सशक्त नेटवर्किंग और कैरियर संवर्धन के अवसर भी मिलें।
योजना का उद्देश्य
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना,उन्हें उद्योगों की वास्तविक कार्यशैली से परिचित कराना तथा आत्मनिर्भर बनाना है। वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं मानी जाती; व्यावहारिक अनुभव और तकनीकी दक्षता भी उतनी ही आवश्यक है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह योजना युवाओं को प्रशिक्षण के साथ आर्थिक सहयोग भी प्रदान करती है, ताकि वे बिना आर्थिक दबाव के कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
यह योजना राज्य के उन युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी है जो 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्रीधारी हैं। उनके लिए यह एक सुनहरा अवसर है कि वे अपनी योग्यता के अनुरूप इंटर्नशिप प्राप्त कर वास्तविक कार्य अनुभव हासिल करें।
लाभार्थियों को मिलने वाली सहायता राशि
योजना के तहत युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मासिक स्टाइपेंड प्रदान किया जाता है-
√ 12वीं उत्तीर्ण युवाओं को ₹4000 प्रतिमाह
√ आईटीआई/डिप्लोमा धारकों को ₹5000 प्रतिमाह
√ स्नातक एवं स्नातकोत्तर युवाओं को ₹6000 प्रतिमाह
√ इसके अतिरिक्त यदि कोई युवा अपने गृह जिले से बाहर, लेकिन बिहार राज्य के भीतर इंटर्नशिप करता है, तो उसे पहले तीन महीनों के लिए ₹2000 प्रतिमाह अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी।
√ वहीं यदि कोई लाभार्थी बिहार राज्य से बाहर इंटर्नशिप करता है, तो उसे पूरी इंटर्नशिप अवधि के लिए ₹5000 प्रतिमाह अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
आर्थिक सहयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिभाशाली युवा स्थान या संसाधनों की कमी के कारण अवसरों से वंचित न रहें।
इंटर्नशिप की अवधि
योजना के अंतर्गत इंटर्नशिप की अवधि न्यूनतम तीन माह से लेकर अधिकतम 12 माह तक निर्धारित की गई है। इस दौरान युवाओं को उद्योगों में प्रत्यक्ष कार्य अनुभव मिलेगा, जिससे वे कार्य संस्कृति, समय प्रबंधन, टीम वर्क और तकनीकी दक्षता जैसे महत्वपूर्ण गुणों को विकसित कर सकेंगे।
आवेदन की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल https://cmpratigya.bihar.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन हेतु अभ्यर्थियों को अपने आधार आधारित नाम और जन्मतिथि के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद उन्हें अपनी व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न इंटर्नशिप अवसरों को देखकर अभ्यर्थी अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप अवसर का चयन कर सकते हैं।
युवाओं की सुविधा के लिए 1800 296 5656 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जहां योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। इस स्कीम का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक 5000 प्रशिक्षु तथा आगामी 5 वर्षों में एक लाख प्रशिक्षु तैयार करना है।
जिलाधिकारी ने की युवाओं से अपील
जिलाधिकारी ने इस योजना को युवाओं के लिए उन्नत कौशल और बेहतर रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर भी बनाएगी।
योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष बल दिया, ताकि अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि, युवाओं तक योजना की सही और विस्तृत जानकारी पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे समय पर आवेदन कर अपने कैरियर को नई दिशा दे सकें।
युवाओं के सपनों को लगेंगे पंख
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना राज्य के युवाओं के लिए अवसरों का नया द्वार खोल रही है। यह योजना उन्हें केवल प्रशिक्षण ही नहीं देती, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का मंच भी प्रदान करती है। उद्योग आधारित प्रशिक्षण, डिजिटल दक्षता और आर्थिक सहयोग के माध्यम से यह पहल बिहार के युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रही है।
निस्संदेह, यह योजना युवाओं को कुशल, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है, जो राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


