भिलाईनगर। ईसाई धर्म अपनाने के लिए जबरन दबाव बनाकर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले आरोपी को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस मामले में गाली-गलौज, तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी देने की पुष्टि हुई है.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सीएम साय कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल, भाजपा कार्यालय में आज लगेगा सहयोग केंद्र, अभनपुर-कुरुद नई रेल लाइन पर होगा हाई-स्पीड ट्रायल… पढें और भी खबरें

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थिया सरोज वर्मा (52 वर्ष) निवासी आशीष नगर पश्चिम, रिसाली थाना नेवई ने 16 फरवरी को शिकायत दर्ज कराया कि उसका पुत्र होशांग वर्मा उस पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए निरंतर दबाव बना रहा है. विरोध करने पर गाली-गलौज, घर में तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकी देता है. साथ ही घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक दिया गया एवं पूजा-पाठ में बाधा उत्पन्न की गई.

शिकायत के बाद मामले में धारा 298, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3, 4 के अंतर्गत अपराध पाए जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी होशांग वर्मा निवासी आशीष नगर पश्चिम, रिसाली को गिरफ्तार किया है.

कार्य प्रारंभ होने के पहले पंचायत सचिव ने कर दिया भुगतान !

दुर्ग। पेवर ब्लाक लगाने का कार्य प्रारंभ ही नहीं हुआ था और पंचायत सचिव ने भुगतान भी कर दिया. ग्रामीणों की शिकायत पर जांच में इसका खुलासा हुआ. इसके बाद 15वें वित्त कार्य में अनियमितता मानते हुए ग्राम पंचायत अंजोरा (ख) के तत्कालीन पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है.

मामला जिला दुर्ग के जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम पंचायत अंजोरा (ख) में 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत कार्य में वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन पंचायत सचिव ताम्लेश्वरी देवांगन को निलंबित कर दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम पंचायत अंजोरा (ख) का है.

जिला पंचायत संसाधन केन्द्र अंजोरा (ख) में पेवर ब्लॉक लगाए जाने के लिए स्वीकृत राशि में से कार्य प्रारंभ किए बिना ही ए. के. टाईल्स को 56,000 रुपए का भुगतान कर दिया गया. मामले की जांच में इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता माना गया है.

जिला पंचायत के अधिकारी ने इसे शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही तथा उच्च कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना माना है. यह कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम, 1998 के नियम 3 का उल्लंघन है इसी आधार पर श्रीमती देवांगन को छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के नियम 4 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

मेसर्स जय बालाजी इंडस्ट्रीज संरक्षित क्षेत्र घोषित

दुर्ग। जिला प्रशासन ने मेसर्स जय बालाजी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, बोरई – रसमड़ा जिला दुर्ग के औद्योगिक परिसर को एक वर्ष की अवधि के लिए संरक्षित क्षेत्र घोषित कर दिया है. यह आदेश छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 26 (1) (2) के तहत जिला मजिस्ट्रेट को प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जारी किया गया है.

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, उप संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दुर्ग तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग द्वारा भी अनुसूची में दर्शित क्षेत्र को संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की अनुशंसा की गई थी. प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा मेसर्स जय बालाजी इण्डस्ट्रीज लिमिटेड बोरई रसमड़ा की संलग्न अनुसूची को एक वर्ष की अवधि के लिए संरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया है.

सीटू ने की फेस्टिवल एडवांस के तौर पर 50 हजार की मांग

भिलाईनगर। सीटू ने प्रबंधन के द्वारा फेस्टिवल एडवांस को लेकर जारी किए गए सर्कुलर पर औद्योगिक संबंध विभाग के माध्यम से कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) को पत्र देते हुए कहा कि फेस्टिवल एडवांस को 5000 से बढ़ाकर 50000 किया जाना चाहिए.

इस पर महाप्रबंधक (औद्योगिक संबंध विभाग) विकास चंद्रा ने कहा कि पूर्व में भी आपके द्वारा फेस्टिवल एडवांस बढ़ाने की मांग पर कारपोरेट को भेजा गया था. इस हेतु उच्च स्तर पर निर्णय लेकर फेस्टिवल एडवांस को बढ़ाकर 50,000 किए जाने के संबंध में सर्कुलर जारी किया जाना चाहिए. यह मांग करते हुए सीटू की सहायक सचिव सविता मालवीय, महासचिव टी जोगाराव, सहायक महासचिव जगन्नाथ प्रसाद त्रिवेदी ने कहा कि एडवांस बढ़ना चाहिए.

दुर्ग रेलवे स्टेशन में बनेंगे दो और एस्केलेटर

भिलाईनगर। रेलवे बोर्ड परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई. इसमें सांसद विजय बघेल के आसाम चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के चलते उनकी जगह सांसद प्रतिनिधि के रूप में लिलेश देशमुख शामिल हुए. श्री देशमुख ने दुर्ग स्टेशन में एस्केलेटर बंद होने और पावरहाउस रेल्वे स्टेशन में विकलांगों के लिए रैम्प नहीं होने का मुद्दा उठाया.

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि दो और एस्केलेटर बनेंगे साथ ही पावर हाउस में रैम्प बनाया जाएगा. सांसद बघेल की ओर से दिए गए सुझावों को देशमुख ने बैठक में रखा. इसमें पैसेंजर संख 78826 व 78827 दुर्ग राजहरा का परिचालन प्रतिदिन करने व इसमें 12 कोच रखने, दुर्ग जम्मूतवी को सप्ताह में तीन दिन चलाने, समता एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार करने, बिलासपुर पुणे तक एक्सप्रेस को नियमित चलाने व इसका नाम बाबा गुरु घासीदास एक्सप्रेस करने, दुर्ग से बेमेतरा नई रेल लाइन बनाने, रिसामा रेल्वे स्टेशन के समीप अंडरब्रिज बनाने, दुर्ग से रावघाट तक दोहरी लाइन बनाने, नंदिनी तक पैसेंजर ट्रेन चलाने, रेल्वे अंडरब्रिजों में भरे हुए पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया गया.

राजनांदगांव रेंज में खात्मे की ओर नक्सली

राजनांदगांव। नक्सलियों के लिए मार्च 2026 का महीना डेडलाइन के रूप में आखिरी है. राजनांदगांव रेंज के अंतर्गत आने वाले मोहला मानपुर में शेष बचे छह नक्सली पुलिस की दहशत से हथियार छोड़ सादे वेशभूषा में घूम रहे है. डेड लाइन को नजदीक देख पुलिस भी नक्सलियों के पीछे पड़ी हुई है. और मार्च 2026 के पहले नक्सलियों का खात्मा किए जाने की तैयारी है.

राजनांदगांव रेंज के अंतर्गत आने वाले कवर्धा से लेकर खैरागढ़ पूरी तरह से नक्सल मुक्त जिला घोषित हो चुका है. बीते एक साल में जहां एक तरफ 2 नक्सली मारे जा चुके है वही दूसरी ओर नक्सलियों का समर्पण भी हुआ है जिलेवार देखा जाय तो राजनांदगांव में नक्सलियों की संख्या शून्य हो चुकी है.

खैरागढ़ में गत वर्ष 15 नक्सलियों के समर्पण के साथ ही यह जिला भी नक्सलविहीन हो चुका है. कवर्धा में पहले ही नक्सली संगठन समाप्त हो चुका था राजनांदगांव रेंज में अब केवल मोहला मानपुर जिला ऐसा है जहां पर महज छह नक्सलियों की गाहे बगाहे सक्रियता देखी जा रही है.

जानकारी के अनुसार, मारे गए तेलंगाना के स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर विजय रेड्डी की पत्नी डीवीसीएम रूपी अपने छह साथियों के साथ अलग अलग क्षेत्रों में घूम रही है. हालांकि नक्सली हथियार छोड़ सादे वेशभूषा में घूम रहे है फिर भी मोहला मानपुर पुलिस दिन रात नक्सलियों की पतासाजी में जुटी हुई है. माना जा रहा है. कि मार्च के पहले छह नक्सली समर्पण कर देंगे.

36 साल से नक्सली समस्या से जूझ रहा जिला : अविभाजित राजनांदगांव जिला नक्सल समस्या से विगत 36 साल से जूझ रहा है. राजनांदगांव जिले ने सबसे पहले नक्सलियों ने 1990 में अपनी आमदरफ्त शुरू की तब से लगातार नक्सली घटनाएं होती रही. इस दौरान सैकड़ों जाने चली गई तब कही जाकर नक्सलमुक्त क्षेत्र होने की ओर अग्रसर है.

पोस्ट ऑफिस के शिविर में खाताधारकों ने की खातों की जांच

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ में किये गए जटकन्हार पोस्ट ऑफिस खाता धारकों के आंदोलन का असर मंगलवार को उनके गांव में देखने को मिला. विभाग के द्वारा लगाए गए शिविर में आज 200 से अधिक खातों की जांच की गई. जिन भी खातों में अनियमितताएं पाई गई हैं, उनकी जांच विभाग कर रहा है.

पोस्ट ऑफिस के जिला प्रमुख एमडी शर्मा की माने तो जैसे-जैसे एक – एक खातों की जांच पूरी होती जाएगी. वैसे-वैसे राशि का सेटलमेंट भी कर दिया जाएगा. राशि सेटलमेंट में किसी भी प्रकार की देरी विभाग नहीं करेगा. उनकी माने तो यह शिविर तीन चार दिन तक और चलेगा. मुनादी कराई गई है, आठ गांवों के जिन भी खाता धारकों को अपने खाते की जांच करवाना हो वे लोग शिविर में हिस्सा ले सकते हैं.

शिविर में उपस्थित खाता धारकों की माने तो आरोपी पोस्टमास्टर आशीष मंडावी पिछले लंबे वर्षों से हर महीने 8 से 10 दिन सर्वर का बहाना बताकर बचत खाते के लेनदेन को प्रभावित करता था . और जब भी खाता धारकों को राशि कि आवश्यकता पड़ती, तो उन्हें डोंगरगढ़ जाने की क्या आवश्यकता है. कहकर, पोस्ट ऑफिस बंद होने के बाद भी उन्हें राशि सौंप देता . ग्रामीणों की माने तो इस तरह उसने सबसे पहले उनका विश्वास जीता. और धीरे-धीरे लोगों को चूना लगाने का काम किया.

कर्मचारियों ने बदतमीजी के कारण किया आंदोलन

उपस्थित ग्रामीणों ने शिविर के दौरान बताया कि सोमवार को हमारा कोई भी उद्देश्य आंदोलन करने का नहीं था. जब हम लोग अपनी शिकायत लेकर पोस्ट ऑफिस डोंगरगढ़ पहुंचे तो इतने शिकायत करता देख, वहां के कर्मचारी हम सब के साथ बुरा बर्ताव करने लगे. जिससे आवेश में आकर हमने आंदोलन किया. उनकी माने तो आज अगर आंदोलन नहीं करते तो पोस्ट ऑफिस के द्वारा यह शिविर नहीं लगाया जाता.

नेवई और मरोदा क्षेत्र में नहीं खुलेगा तीन दिन नल

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम रिसाली के नेवई क्षेत्र स्थित 32 लाख लीटर क्षमता वाले ओवर हेड टैंक का मरम्मत कार्य करने तीन दिनों का शट डाउन लिया जाएगा.

शुक्रवार से रविवार तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से की जाएगी. सहायक अभियंता अखिलेश गुप्ता ने बताया कि मेन डिस्ट्रीब्यूशन लाइन में लिक होने की वजह से शट डाउन लिया जा रहा है. प्रभावित क्षेत्र में वार्ड 16 बीआरपी कालोनी, वार्ड 17 शिवपारा स्टेशन मरोदा, वार्ड 18 एचएससीएल कालोनी स्टेशन मरोदा, वार्ड 19 विजय चैक स्टेशन मरोदा, वार्ड 20 शंकरपारा स्टेशन मरोदा, वार्ड 21 सूर्या नगर, वार्ड 32 नेवई भाटा, वार्ड 33 नेवई बस्ती पूर्व, वार्ड 34 नेवई बस्ती पश्चिम शामिल हैं.

दिव्यांगजनों को निःशुल्क दिए जाएंगे सहायक उपकरण

दुर्ग। जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किया जाएगा. इसके लिए मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविरों का आयोजन 18 से 20 फरवरी तक विभिन्न स्थलों पर किया जा रहा है. इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं चिन्हांकन सकते हैं.

किया जाएगा. हितग्राही किसी भी स्थल पर जाकर इसमें भाग ले जानकारी के अनुसार जिले में दिव्यांगजनों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में पहल करते हुए एनटीपीसी-सेल पॉवर कम्पनी लिमिटेड की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत, भारतीय कल्याण कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर एवं समाज विभाग, दुर्ग के समन्वय से यह शिविर आयोजित की जा रही है.

परीक्षण के पश्चात पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे. जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर परीक्षण कराकर लाभ उठाएं.

इन स्थानों पर आयेजित किए जाएंगे शिविर : 18 फरवरी को मंगल भवन नगर पालिक निगम चरोदा-भिलाई में शिविर आयोजित है, इस शिविर में न.पा.नि. चरोदा-भिलाई, न.पं. धमधा, ज. पं. धमधा, न.पा.प. कुम्हारी, अहिवारा, जामूल, अमलेश्वर एवं आसपास के क्षेत्रों के दिव्यांगजन शामिल होंगे. 19 फरवरी को नगर पालिक निगम भिलाई सभागार में होने वाली शिविर न.पा.नि. भिलाई, न.पं. उतई, न.पा.नि. रिसाली, न.पं. पाटन, ज.पं. पाटन एवं आसपास के क्षेत्रों के हितग्राही लाभान्वित होंगे. वहीं 20 फरवरी को जनपद पंचायत दुर्ग सभाकक्ष (जिला पंचायत परिसर) में आयोजित शिविर में न.पा.नि. दुर्ग, ज.पं. दुर्ग एवं आसपास के क्षेत्रों के दिव्यांगजन सम्मिलित होंगे. सभी शिविरों का समय सुबह 10 बजे से रहेगा.

अनिवार्य रूप से ज्ञाना होगा ये दस्तावेज : शिविर में लाभ प्राप्त करने हेतु दिव्यांगजनों की स्वयं की उपस्थिति अनिवार्य होगी. साथ ही आवश्यक दस्तावेज के रूप में वैध दिव्यांग प्रमाण पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड एवं आधार कार्ड की छायाप्रति, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो (जिसमें दिव्यांगता स्पष्ट हो) साथ ही पार्षद या सरपंच द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र लाना होगा.