सोहराब आलम/मोतिहारी। होली के त्योहार पर रंग में भंग डालने की तस्करों की योजना को पिपराकोठी पुलिस ने पूरी तरह नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी में एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब और ट्रक की कुल बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।

​चैकिया-पिपरा रोड पर पुलिस की घेराबंदी

​पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि चकिया की ओर से एक बड़ा ट्रक शराब की खेप लेकर पिपरा की तरफ बढ़ रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पिपराकोठी चौक के पास सघन नाकेबंदी कर दी। संदिग्ध ट्रक के आते ही उसे रुकवाया गया। शुरुआती तलाशी में ट्रक खाली लग रहा था, लेकिन गहराई से जांच करने पर चालक की सीट के पास बने एक शातिर गुप्त तहखाने का पता चला।

​भारी मात्रा में ‘फ्रूटी पैक’ बरामद

तहखाने को खोलते ही पुलिस दंग रह गई। वहां से कुल 143 कार्टून बरामद हुए। 180 एमएल के ‘फ्रूटी पैक’ वाली इस खेप में कुल 6,864 बोतलें शराब थीं। तस्करों ने इसे इतने शातिर तरीके से छिपाया था कि सामान्य चेकिंग में इसे पकड़ना नामुमकिन था।

​चालक और उप-चालक गिरफ्तार

​मौके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है:
​राज कुमार सहनी (चालक) – थाना बनियापुर, जिला सारण।
​नितेश कुमार (उप-चालक) – छोटा बरियारपुर, थाना छतौनी।
​थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। होली के मद्देनजर जिले के सभी रास्तों पर चौकसी बढ़ा दी गई है और शराब माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।