अशोक कुमार जायसवाल चंदौली/मुगलसराय। जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर दो मासूम भाई-बहन पर टूट पड़ा। स्कूल से स्कूटी पर घर लौट रहे बच्चों को एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय दिव्यांश तिवारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी 14 वर्षीय बहन वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों बच्चे सेंट मैरी स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर रिंग रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

READ MORE: ससुर नहीं दरिंदा! बहू ने शारीरिक संबंध नहीं बनाए तो गला घोंटकर मार डाला, फिर…

एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और हालात सामान्य हुए। हादसे के बाबत सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूटी चला रहा बच्चा नाबालिग था। पुलिस ने स्कॉर्पियो और उसके चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

READ MORE: ‘शिक्षा मित्रों का मानदेय होगा 18 हजार…’, CM योगी का बड़ा ऐलान, कहा- 5 लाख तक कैशलेस इलाज की दी जाएगी सुविधा

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं एसडीम अनुपम मिश्रा ने बताया कि यह हादसा काफी दुखद है। तहरीर मिलते ही आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। परिवार को उचित मुआवजे दिए जाएंगे। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।