प्रमोद कुमार/भभुआ (कैमूर)। शनिवार को नगर परिषद भभुआ के सभागार में आयोजित विशेष बोर्ड की बैठक हंगामेदार रही। सभापति विकास तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सासाराम सांसद मनोज कुमार और भभुआ विधायक भरत बिंद मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक का मुख्य केंद्र शहर की चरमराती सफाई व्यवस्था और खराब स्ट्रीट लाइटें रहीं।

​कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप

​बैठक में पार्षदों का गुस्सा नगर परिषद की कार्यशैली पर जमकर फूटा। वार्ड 24 के पार्षद परमानंद केशरी ने कार्यपालक पदाधिकारी (EO) संजय उपाध्याय पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि EO जनहित के मुद्दों पर बात करने से बचते हैं और उन्होंने पार्षद का नंबर तक ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अन्य पार्षदों ने भी पदाधिकारी पर मनमानी करने और विकास योजनाओं में जनप्रतिनिधियों को अंधेरे में रखने का आरोप लगाया। यहां तक कि सभापति विकास तिवारी ने भी स्वीकार किया कि कई योजनाओं की जानकारी उनसे भी छिपाई जाती है।

​सांसद व विधायक की नसीहत

​मामले की गंभीरता देखते हुए सांसद मनोज कुमार ने अधिकारियों और पार्षदों को समन्वय बिठाकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का विकास आपसी खींचतान से नहीं, बल्कि मिल-जुलकर काम करने से होगा। उन्होंने अगली बैठक में पिछले सभी मुद्दों की समीक्षा और ठोस समाधान का भरोसा दिलाया। विधायक भरत बिंद ने भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी को सर्वोपरि बताया।

​विकास का संकल्प

​बैठक के अंत में सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी। सभापति ने सभी से अपील की कि एक सकारात्मक माहौल बनाकर भभुआ को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।