CG Morning News: रायपुर। आज, 22 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में रात 8 बजे होगी। बैठक में भाजपा के सभी विधायक और मंत्री शामिल हैं। इसमें आगामी विधानसभा बजट सत्र को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी और विपक्ष के हमलों का जवाब देने पर चर्चा होगी।

CM साय विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर और बलौदाबाजार जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 11 बजे वे अपने निवास में मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। इसके बाद 12 बजे एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे बलौदाबाजार जिले के लिए रवाना होंगे और गिरौदपुरी में सतनाम समाज के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं से वे ग्राम चापा के लिए रवाना होंगे और शाम 4 बजे चापा में आयोजित 80वाँ मानव कुर्मी समाज महाधिवेशन में शामिल होंगे। महाधिवेशन के बाद वे शाम 5 बजे राजधानी रायपुर लौटेंगे। कुछ देर आराम करने के बाद रात 8 बजे वे भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लेंगे।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक
रायपुर। कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी आज, 22 फरवरी को आयोजित की जा रही है। यह बैठक डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में शाम 4 बजे राजीव भवन में हो रही है। बैठक में आगामी बजट सत्र से पहले सरकार को घेरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा
आज सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 33 जिलों में 265 पदों के लिए दो पालियों में ली जा रही है। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी, जिसमें पेपर-I (जनरल स्टडीज) लिया जाएगा। दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें पेपर-II (एप्टीट्यूड टेस्ट) होगा।
पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, जबकि दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थिति जरूरी है। पहली पाली में सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2:45 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले सभी प्रवेश द्वार पूरी तरह सील कर दिए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि द्वार बंद होने के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
AI समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में BJP महिला मोर्चा का धरना
रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा आज शंकर नगर चौंक, बीटीआई मैदान के पास धरना प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा और युवा कांग्रेस द्वारा AI समिट के दौरान किए गए प्रदर्शन के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।
होली पर चलेगी 15 से अधिक स्पेशल ट्रेनें
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ी भीड़ को देखते हुए कई राहत उपाय किए हैं। रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर जोन से 15 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में 6 प्रमुख ट्रेनों के कुल 14 फेरे भी घोषित किए गए हैं और इन ट्रेनों में रिजर्वेशन की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।
इन विशेष ट्रेनों से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को सुविधा होगी और उन्हें यात्रा में राहत मिलेगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
एचएनएलयू का 9वां दीक्षांत समारोह
रायपुर। आज हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू) का 9वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रबंधन आगामी दिनों में समारोह में उपस्थित अतिथियों और प्रदान किए जाने वाले मेडल की जानकारी साझा करेगा।
राजधानी में आज सजेगी बिस्मिल की महफिल
रायपुर। सूफी एंड टेक्नोनाइट का आयोजन आज, 22 फरवरी, रविवार को होटल अमारा में किया जाएगा। ‘बिस्मिल की महफिल’ के नाम से होने वाले इस म्यूजिकल इवेंट में सूफी सिंगर बिस्मिल अपनी लाइव प्रस्तुति से दर्शकों को सूफी संगीत और आधुनिक टेक्नो बीट्स के अनोखे संगम का अनुभव कराएंगे।
इवेंट में बिस्मिल “दूल्हे का सहरा सुहाना लगता है…”, “ये जो हल्का-हल्का सुरूर है…”, “काली-काली जुल्फों…” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। 90 मिनट के प्रदर्शन में वे देशभक्ति और सूफी सॉन्ग्स परफॉर्म करेंगे और 15 मिनट के लिए विशेष “वंदे मातरम्” गीत भी पेश करेंगे। इसके पहले इंडियन आइडल फेम स्वरामृत दर्शकों के लिए प्रस्तुति देंगी।
विधवा, विधुर व तलाकशुदा महिलाओं-पुरुषों के लिए परिचय सम्मेलन
रायपुर। सामाजिक संस्था ‘रायपुर ब्राइट फाउंडेशन’ आज सुबह 11 बजे से पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर के ‘सत्संग भवन’ में सभी जाति और समाज के विधवा, विधुर तथा वैध तलाकशुदा महिलाओं और पुरुषों के पुनर्विवाह हेतु राष्ट्रस्तरीय परिचय सम्मेलन का आयोजन कर रही है। सम्मेलन में उम्रदराज अविवाहित युवक-युवतियां और दिव्यांग प्रतिभागी भी शामिल होंगे।
संस्था द्वारा 2018 से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का यह 9वां वर्ष है। पंजीकरण सुबह 9 बजे से तीन अलग-अलग काउंटरों पर शुरू होगा। प्रतिभागी अपने आधार कार्ड, पासपोर्ट, एक फुल साइज रंगीन फोटो और वैध प्रमाण पत्र लेकर पंजीकरण करवा सकते हैं। महिलाओं का पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। बिना पंजीकरण किसी भी प्रतिभागी या उनके परिजनों को कार्यक्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
निशुल्क जनेऊ संस्कार
निशुल्क जनेऊ संस्कार का आयोजन आज सरयूपारीण ब्राह्मण सभा, रायपुर द्वारा किया जा रहा है। यह कार्यक्रम मानस भवन, संजयनगर रिंग रोड में सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा।
नाट्य मंचन ‘जाणता राजा’ का चौथा दिन
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भव्य ऐतिहासिक महानाट्य जाणता राजा का मंचन नाट्य मंडली, पुणे और स्थानीय कलाकारों के साथ प्रस्तुत किया जा है। साइंस कॉलेज मैदान में 19 से रोज शाम साढ़े छह बजे यह नाटक प्रस्तुत किया जा रहा है। आज कार्यक्रम का चौथा दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना पर आधारित इस तीन घंटे के नाटक को लेकर शहर में खास उत्साह है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


