सोहराब आलम/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की गश्ती को चुनौती देते हुए बेखौफ चोरों ने मंगलवार की देर रात चकबरा गांव में एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने व्यवसाई राजेश्वर शाह (पिता- शंकर शाह) के बंद घर को निशाना बनाया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

​शादी में गया था परिवार

​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजेश्वर शाह जो पेशे से गोला व्यवसायी हैं, अपने पूरे परिवार के साथ एक शादी में शामिल होने ससुराल गए थे। घर सूना पाकर चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया। घर के अंदर प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर वहां रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोरों ने घर में रखे महंगे कपड़े और अन्य कीमती सामान भी नहीं छोड़े।

​CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश चोर

​इस पूरी वारदात की तस्वीरें घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि तीन नकाबपोश चोर बड़े ही शातिर तरीके से घर में दाखिल हो रहे हैं। चोरी की यह लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

​इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल

​इस घटना के बाद से चकबरा गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की सुस्ती के कारण क्षेत्र में चोर बेलगाम हो गए हैं। व्यवसायी वर्ग में अपनी सुरक्षा और संपत्ति को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है। फिलहाल, पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को सूचना दे दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुट गई है।