दिल्ली की कथित शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें इस केस में बरी कर दिया। फैसले के बाद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल से मिलकर भावुक नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा, “इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाए, शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है।” उनके इस बयान को लेकर समर्थकों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल के वकील विवेक जैन ने अदालत की टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट ने सीबीआई द्वारा पेश किए गए सभी सबूतों की बारीकी से जांच की, लेकिन ऐसा कोई आरोप नहीं पाया जो आरोप तय करने (चार्ज फ्रेम करने) की कानूनी सीमा को पार करता हो। विवेक जैन के अनुसार, अदालत ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में ऐसा कोई ठोस आरोप नहीं है जिसे प्रथम दृष्टया सच माना जा सके। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने यह भी माना कि दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी संस्थागत सुरक्षा उपायों (Institutional Safeguards) के तहत बनाई गई थी और पॉलिसी बनाने की प्रक्रिया या तरीके पर संदेह करने का आधार नहीं है।

पूरा केस फर्जी, केजरीवाल भ्रष्ट नहींः केजरीवाल

राउज एवेन्यू कोर्ट से राहत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) को खत्म करने के लिए साजिश रची गई और शीर्ष नेताओं को जेल में डाला गया। उनके मुताबिक पार्टी के “5 सबसे बड़े नेताओं” को गिरफ्तार किया गया, यहां तक कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री को भी हिरासत में लिया गया और मीडिया में उन्हें भ्रष्ट बताकर छवि खराब की गई। केजरीवाल ने कहा कि यह पूरा केस “फर्जी” था और उन्होंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने अपने फैसले में उनके साथ-साथ मनीष सिसोदिया और AAP को ईमानदार बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छा काम करके सत्ता में आना चाहिए, न कि झूठे केस बनाकर राजनीतिक विरोधियों को जेल में डालना चाहिए।

संविधान पर गर्व, सत्य की जीतः सिसोदिया

शराब नीति घोटाले से जुड़े मामले में अदालत से राहत मिलने के बाद मनीष सिसोदिया ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें आज देश के संविधान पर गर्व महसूस हो रहा है और “सत्य की जीत हुई है।” यह बयान उस फैसले के बाद आया, जिसमें अदालत ने कथित भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से ही इनकार कर दिया।

जितेंद्र सिंह (स्पेशल जज) ने अरविंद केजरीवाल, सिसोदिया समेत कुल 23 आरोपियों को बरी करते हुए कहा कि चार्जशीट में कई ऐसी कमियां हैं जिनका ठोस सबूतों से समर्थन नहीं होता। अदालत ने यह भी माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को प्रथम दृष्टया साबित करने में विफल रहा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m