पटना। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी बेबाक राय साझा की है। उन्होंने बिहार की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन जगत से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर कड़ा प्रहार किया है।
3 महीने में बदल दूंगा बिहार की सूरत
पप्पू यादव ने दावा किया कि यदि बिहार की जनता उन्हें एक बार मुख्यमंत्री बनने का मौका दे, तो वह राज्य को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने एक बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा कि शपथ लेने के 3 महीने के भीतर वे राज्य के सभी प्राइवेट अस्पतालों और स्कूलों का सरकारीकरण कर देंगे, ताकि शिक्षा और इलाज पर सबका समान अधिकार हो।
बागेश्वर बाबा और पवन सिंह पर विवादित बयान
साधु-संतों पर टिप्पणी करते हुए पप्पू यादव ने बागेश्वर बाबा (धीरेंद्र शास्त्री) को ‘महा बंदर’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बाबा व्यापार और गलत कार्यों में लिप्त हैं, वे सम्मान के योग्य नहीं हैं। साथ ही, उन्होंने उनकी अकूत संपत्ति के स्रोत पर भी सवाल उठाए।
भोजपुरी इंडस्ट्री में अश्लीलता के मुद्दे पर उन्होंने बीजेपी को चुनौती दी कि वे सबसे पहले पवन सिंह को बैन करें। यादव ने पवन सिंह के गानों को अश्लील बताते हुए उनके आचरण की भी आलोचना की।
नीतीश कुमार की विरासत और भविष्य की राजनीति
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि अब उनके बेटे निशांत को राजनीति में कमान संभालनी चाहिए। उन्होंने निशांत को शांत स्वभाव का बताते हुए मुख्यमंत्री पद का योग्य दावेदार माना। साथ ही, उन्होंने जेडीयू को मजबूत करने के लिए प्रशांत किशोर और आरसीपी सिंह जैसे नेताओं को वापस साथ लाने की सलाह दी।
नीट (NEET) मामले में इंसाफ की जंग
फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने नीट परीक्षा घोटाले पर सरकार और प्रशासन को घेरा। उन्होंने सीबीआई और पुलिस के बीच समन्वय की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वे पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाकर ही दम लेंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

