कुंदन कुमार/ पटना। बिहार में होली का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। पटना के बेली रोड स्थित ‘चटकारा फूड कोर्ट’ में आयोजित होली मिलन समारोह में भाजपा के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिरकत की। इस दौरान राजनीति के गंभीर चेहरों पर फागुन का रंग साफ दिखाई दिया।

​भाषण नहीं, गाने सुनिए

​समारोह में नितिन नवीन पूरी तरह होली के मूड में नजर आए। उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, आज होली है और आज भाषण नहीं, गाने सुनने का दिन है। जैसे ही ‘पटना में राम खेले होली’ गाना बजा, नितिन नवीन खुद को रोक नहीं पाए और तालियां बजाते हुए फूलों की वर्षा करने लगे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और दिलीप जायसवाल की मौजूदगी ने उत्साह को दोगुना कर दिया।

​फैंस के साथ सेल्फी का अनोखा अंदाज

​कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प वाकया तब हुआ जब नीचे खड़ी महिला कार्यकर्ताओं ने उनसे फोटो खिंचवाने का आग्रह किया। इस पर नितिन नवीन ने चुटीले अंदाज में कहा, आप अपना मोबाइल दीजिए, मैं ऊपर से ही आपकी फोटो खींच देता हूं। करीब 20 मिनट तक मस्ती भरे माहौल में रुकने के बाद वे रवाना हो गए, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने ‘कुर्ता फाड़’ होली खेलकर जश्न मनाया।

​होली स्पेशल: ट्रेनों में भारी भीड़ और रेलवे की तैयारी

​एक तरफ जहां जश्न का माहौल है, वहीं घर लौटने वाले यात्रियों की चुनौतियों को देखते हुए रेलवे ने कमर कस ली है। ट्रेनों में उमड़ रही भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्व मध्य रेल ने दिल्ली, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित 10 राज्यों के लिए 42 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, सड़कों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 150 विशेष बसें भी चलाई जा रही हैं।

​बिहार में होलिका दहन का उल्लास

​पूरे प्रदेश में होलिका दहन के साथ ही उत्सव शुरू हो चुका है। पूर्णिया में विशेष आकर्षण का केंद्र रही 40 फीट ऊंची होलिका, जिसका दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।