पटना। बिहटा-सरमेरा स्टेट हाईवे-78 पर जमालपुर गांव के समीप बुधवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। दो बाइकों की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
हादसे का खौफनाक मंजर
चश्मदीदों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि अज्ञात वाहन एक युवक के शव को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लाशों के टुकड़े बिखर गए।
दो बाइकों की टक्कर
मृतकों की पहचान धनरूआ के सुंदरपुर निवासी रवि कुमार (25 वर्ष) और शाहजहांपुर के चक सूरत निवासी शंकर राम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रवि अपनी बाइक से ससुराल शिवचक जा रहा था, जबकि शंकर बेलदारीचक की ओर जा रहा था। जमालपुर के पास दोनों बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई। सड़क पर गिरते ही पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने रवि और शंकर को रौंद दिया और फरार हो गया।
घायलों की स्थिति गंभीर, पटना रेफर
हादसे में शंकर का साला सूरज कुमार और रवि के साथ बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत मसाढ़ी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। सूरज की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और यातायात बहाल
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। सूचना मिलते ही फतुहा एसडीपीओ-2 संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार वाहन की तलाश की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

