मुजफ्फरपुर। होली के मद्देनजर बिहार में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चल रही सख्ती के बीच उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। दिल्ली से मुजफ्फरपुर के रास्ते बरौनी जा रही 02564 कोलोन एक्सप्रेस ट्रेन के पावर कोच के जनरेटर रूम से शराब की खेप बरामद की गई। इस मामले में एक रेलकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह रही कि उत्पाद विभाग की टीम ने महज पांच मिनट के भीतर पूरी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तस्करी के इस नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।
कोच के जनरेटर रूम की तलाशी ली
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन तक सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान जब कोलोन एक्सप्रेस स्टेशन पर रुकी, तो टीम ने संदेह के आधार पर पावर कोच के जनरेटर रूम की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। मौके पर तैनात पावर इंचार्ज कर्मी को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मेहसी गांव निवासी अखिलेश कुमार के रूप में हुई है।
शराब माफियाओं से मिलीभगत
प्रारंभिक पूछताछ में अखिलेश कुमार ने स्वीकार किया कि वह कॉन्ट्रैक्ट पर जनरेटर रूम में कार्यरत था और शराब माफियाओं से मिलीभगत कर ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी कर रहा था। उसने बताया कि यह खेप दिल्ली से समस्तीपुर में डिलीवरी के लिए लाई जा रही थी, लेकिन मुजफ्फरपुर स्टेशन पर उत्पाद विभाग की सख्ती के कारण योजना विफल हो गई।
आरोपी को उत्पाद थाना लाया गया
उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बरामद शराब और गिरफ्तार आरोपी को उत्पाद थाना लाया गया है। पकड़ी गई शराब की कुल मात्रा का आकलन किया जा रहा है और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि होली से पहले प्रशासन पूरी मुस्तैदी से अवैध शराब की रोकथाम में जुटा है। पुलिस और उत्पाद विभाग संयुक्त रूप से निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अवैध खेप को राज्य में प्रवेश न करने दिया जाए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

