प्रदीप मालवीय, उज्जैन। जब पूरे देश में धुलेंडी का रंग बिखरा हुआ था, तब उज्जैन जिले के घोंसला गांव में श्रद्धा का एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। चंद्रग्रहण के सूतक काल में, श्रद्धालुओं ने धधकते अंगारों पर चलकर अपने विश्वास की मिसाल पेश की।

श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर के सामने आयोजित इस अनूठी परंपरा में लगभग 30 से 35 फीट लंबा गड्ढा तैयार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर, मंदिर के अखंड दीप से प्रज्वलित अग्नि ने गड्ढे को अंगारों में बदल दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और “हर-हर महादेव” के जयकारों के बीच सबसे पहले मंदिर के पुजारी ने नंगे पांव अंगारों पर चलकर इस परंपरा का शुभारंभ किया।

ये भी पढ़ें: आस्था और परंपरा का अनोखा संगम: धार के आदिवासी अंचलों में लगता है ‘गल बाबा’ का मेला, जानें क्या है ‘गल घूमना’ ?

मन्नतों के साथ अग्नि पर कदम

श्रद्धालुओं की लंबी कतार में लोग अपनी मन्नतों के साथ अग्नि पर कदम रखते रहे। घी का छिड़काव करते ही आग की लपटें और तेज हो जाती थीं, जिससे दृश्य और भी दिव्य हो जाता था। सूरज की तपिश और अंगारों की गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के चेहरों पर विश्वास की चमक थी।

आज तक नहीं हुई बड़ी घटना

ग्रामीणों का मानना है कि बाबा श्री मनकामनेश्वर की कृपा से चूल पर चलने वाले श्रद्धालुओं को कोई हानि नहीं होती। यह परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है और आज तक किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस दृश्य को देखने पहुंचे, ताकि नई पीढ़ी भी इस अनूठी परंपरा को देख सके।

ये भी पढ़ें: होली मिलन कार्यक्रम में भरभराकर टूटा मंच, भाषण दे रहे भाजपा जिला अध्यक्ष गिरे, उठकर कहा- हिंदू कभी झुकता नहीं

अटूट श्रद्धा

इस बार चंद्रग्रहण और सूतक के बीच भी परंपरा अपने निर्धारित समय पर संपन्न हुई, जिसका श्रेय श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा को दिया गया। चूल पार करने के बाद श्रद्धालु मंदिर में जल अर्पित कर बाबा का आशीर्वाद लेते रहे और पूरा माहौल मेले जैसा बन गया।

विश्वास का प्रतीक

प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में यह आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिससे श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं हुई। धुलेंडी, सूतक और चंद्रग्रहण के विशेष संयोग के बीच यह चूल केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि विश्वास का प्रतीक बन गई। यहां एक ही स्वर “भक्ति और विश्वास” का गूंजता रहा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m